हरियाणा डेमोक्रेटिक फ्रंट की राष्ट्रीय महासचिव चित्रा सरवारा
- फोटो : Ambala
अंबाला। प्रदेश की मौजूदा सरकार अगर सच में भ्रष्टाचार के खिलाफ और पारदर्शिता के हक में है तो अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल स्टेडियम में हुए घोटाले की जांच सीबीआई और कैग से करवाई जाए। यह मांग हरियाणा डेमोक्रेटिक फ्रंट (एचडीएफ) की राष्ट्रीय महासचिव चित्रा सरवारा ने की। उन्होंने कहा कि छावनी के वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम का बखान उसके 117 करोड़ रुपये की बजट राशि से किया जाता था। इसके विपरीत 46 करोड़ रुपये के कथित घोटाले का मतलब है कि इस राशि में से तकरीबन 40 प्रतिशत गबन करने में चली गई। सरवारा ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार द्वारा इसमें वाजिब कार्रवाई नहीं की गई तो एचडीएफ इस घोटाले की पुख्ता जांच कराने के लिए मुहिम चलाएगी।
चित्रा ने कहा कि स्टेडियम का प्रोजेक्ट गृहमंत्री अनिल विज के दिल के करीब रहा है। वे अनेकों बार बनते स्टेडियम को देखने के लिए वहां पर आते जाते रहे हैं। क्या उन्हें आज तक वहां चल रहे घोटाले के बारे में जानकारी नहीं मिली। उन्होंने कहा कि स्टेडियम के साथ अन्य क्षेत्रों में भी चल रहे प्रोजेक्ट्स और विकास कार्यों की जांच करानी चाहिए। इससे पहले भी छावनी के अनेकों ऐसे बड़े बजट के प्रोजेक्ट हैं, जो वर्षों से चल रहे हैं। इनके बजट बार-बार बढ़ाए गए हैं। इनमें किसी न किसी बहाने काम या बजट को खींचकर लंबा किया जा रहा है। इस एक प्रोजेक्ट में हुए घोटाले ने अंबाला में चल रहे हजारों करोड़ की शेष परियोजनाओं पर भी सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
चित्रा ने कहा कि इसकी निष्पक्ष जांच से यह पता चल सकता है कि स्टेडियम में हुए घोटाले के तार कहां तक जुड़े हुए हैं। इस मामले से जुड़े अधिकारी के बयान अखबार में छपे हैं कि उनकी जान को खतरा है। भ्रष्टाचार उजागर करने वाले अधिकारी को सरकार तुरंत सुरक्षा मुहैया कराते हुए घोटाले की सीबीआई व कैग जैसी एजेंसियों से जांच कराए।