If the encroachment was not removed even after the warning, the corporation ran the yellow claw
- फोटो : Ambala
अंबाला सिटी। वर्षों से सरकारी जमीन पर कब्जा जमाए बैठे 16 परिवारों से आखिरकार नगर निगम ने कब्जा खाली करवा ही लिया है। मंगलवार दोपहर नगर निगम की टीम भारी पुलिस बल के साथ अंबा मार्केट स्थित विजय सिनेमा पहुंची। यहां बाहरी राज्यों से आकर रह रहे करीब डेढ़ दर्जन परिवारों ने सरकारी पार्क पर नाजायज कब्जा जमाया हुआ था। जिसको खाली करवाने के लिए पहले भी दो बार नगर निगम ने कोशिश की लेकिन किन्हीं कारणों के चलते अधिकारी यहां रह रहे लोगों को मौखिक तौर पर चेतावनी देकर चलते बने थे।
चेतावनी देने के करीब 6 महीने बाद एक बार फिर निगम अधिकारियों की नींद खुली और मंगलवार को अंबा मार्केट में पहुंच गई। ड्यूटी मजिस्ट्रेट रमेश आर्य की अगुवाई में अतिक्रमण हटवाया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट व नगर निगम के अधिकारियों से पूछा गया कि क्या पार्क के बाहर बनाए गए पक्के शेडों पर भी कार्रवाई होगी तो अधिकारियों ने कहा कि अभी हमारे पास केवल पार्क को ही खाली करवाने के आदेश हैं। वहीं ड्यूटी मजिस्ट्रेट का कहना था कि इन लोगों को सेक्टर-32 में आवास सरकार द्वारा दिए जा चुके हैं। कार्रवाई से पहले तीन दिन से मुनादी भी करवाई जा रही थी।