अंबाला पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत हेलमेट रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए: पुलिस पीआर
अंबाला। भारत विकास परिषद महर्षि दयानंद शाखा ने वीरवार को पुलिस प्रशासन, ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी व शिक्षा विभाग के साथ मिलकर एक हेलमेट रैली निकाली गई, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक अंबाला अजीत सिंह शेखावत व आरटीए अंबाला सुशील कुमार वशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल रहे।
यह रैली जग्गी सिटी सेंटर से शुरू होकर माॅडल टाउन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ चौक, महाराजा अग्रसेन चौक, जगाधरी गेट व आर्य चौक से होते हुए हर्बल पार्क में समाप्त हुई, इसमें लोगों ने हेलमेट पहनकर वाहन चलाए और पीछे बैठे लोगों ने हाथों में स्लोगन व बैनर पकड़कर लोगों को जागरूक किया। इस कार्यक्रम में समाज सेवक अनुभव अग्रवाल, राजकीय बहुतकनीकी संस्थान प्रधानाचार्य राजीव सपरा, भारत विकास परिषद की ओर से प्रदीप गोयल, दीपक राय, चमन अग्रवाल, अंकुर गोयल, महिला प्रमुख मंजु अग्रवाल, भारत विकास परिषद के अध्यक्ष चमन लाल अग्रवाल व मुकेश कुमार मुख्य रूप से शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने कहा कि हमारे देश में यातायात के नियमों का पालन न करने के कारण प्रति वर्ष लाखों लोगों की सड़क दुर्घटना में मौत हो जाती है और 60 से 70 प्रतिशत दो पहिया वाहन चालकों की मृत्यु का सबसे बड़ा कारण सिर में चोट लगना पाया जाता है, इससे बचाव का सबसे अच्छा उपाय हेलमेट का उपयोग करना है। जिस कारण सड़क दुर्घटना में अधिकर मौतें 18 से 40 वर्ष के युवाओं की हो रही है। पिछले वर्ष अब तक सड़क दुर्घटना में 135 मौतें हुई थी जबकि इस वर्ष अब तक 155 मौतें हो चुकी है।