अंबाला सिटी। जिला नागरिक अस्पताल में मरीज अपना चेकअप करवाने के लिए पहुंचते हैं। ओपीडी में ऐसे मरीज ज्यादा बढ़ रहे हैं। जिनमें चिंता, तनाव और ज्यादा नमक खाने से बीपी की बीमारी बढ़ रही है। यही नहीं ज्यादातर महिलाएं पैदल न चलने के कारण मोटापा से ग्रसित हो रही हैं, क्योंकि महिलाएं घर में ही रहने के कारण पैदल कम चलती है। चिकित्सक ओपीडी में महिलाओं को सैर करने के साथ हल्का शारीरिक व्यायाम की सलाह दे रहे हैं। पैदल कम चलने के कारण महिलाओं में कमर व घुटने द दर्द की समस्या भी बढ़ रही है। वहीं, बीपी और शुगर के मरीजों की संख्या भी बढ़ी है।
वहीं, जिला नागरिक अस्पताल अंबाला शहर में रोजाना करीब 1500 मरीजों की ओपीडी दर्ज होती है। इसमें नए और पुराने मरीज शामिल होते हैं। सुबह से लेकर दोपहर तक अस्पताल में मरीज पहुंचते हैं।
जिला नागरिक अस्पताल के एसएमओ डाॅक्टर हर्ष कुशवाहा ने बताया कि आजकल खराब दिनचर्या के कारण लोगों में बीमारियां बढ़ रही हैं। ओपीडी में बीपी, शुगर, हाइपरटेंशन, तनाव, चिंता के मरीज भी आते हैं। चिंता, तनाव और ज्यादा नमक खाने के कारण बीपी बढ़ रहा है। पैदल न चलने के कारण महिलाओं में वजन बढ़ने की दिक्कत आ रही है। जंक फूड खाने के कारण बच्चे मोटापा की चपेट में आ रहे हैं। लोगों को अपनी दिनचर्या में शारीरिक व्यायाम को शामिल करना चाहिए ताकि उनका स्वास्थ्य ठीक रहे।