अंबाला सिटी। बीते बुधवार-गुरुवार देर रात में घग्घर के ओवरफ्लो पानी ने अंबाला-हिसार बाईपास मार्ग को भी अपने चपेट में ले लिया। डंगडेहरी की ओर से जाने वाले बाईपास कट के पास रात में तेज बहाव से पानी निकलना शुरू हुआ। बाईपास तीन से चार जगहों से टूट गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान एक ट्रक चालक ने जब तेज बहाव से निकलने की कोशिश की तो ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। सदर थाना के उप निरीक्षक विक्रम कुमार ने ट्रक चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। गुरुवार सुबह से शाम तक बाईपास से पानी निकलता रहा। बहाव की गति धीमी होने से वाहन चालक भी यहां से निकलते रहे। वहीं, अंबाला-चंडीगढ़ रोड पर पुल के पास भी जलभराव रहा, जिससे लोगों की दिक्कत बढ़ रही।
पानी के कारण वाहनों को किया गया डायवर्ट
इस बाईपास से गुजर रहे वाहनों को पानी के तेज बहाव के चलते डायवर्ट किया गया ताकि वाहन चालकों को कोई नुकसान न हो। तेज बहाव के कारण अंबाला-हिसार बाईपास का तीन-चार जगहों से डिवाइडर टूट गया। यह पानी डिवाइडर को तोड़ते हुए रोड को पार कर गया। वीरवार को यहां लोगों की भीड़ जमा रही। जलभराव से खेतों में फसलें भी डूब गई।