कांग्रेस ने राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला को मध्य प्रदेश का प्रभारी बनाया है। इस पर हरियाणा के गृहमंत्री अनिज विज ने तीखा तंज कसा है। उन्होंने एक ट्वीट के माध्यम से सुरजेवाला और कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने ट्वीट में कहा कि हिन्दुस्तान के लोगों को राक्षस कहने वाले कांग्रेस के नेता रणदीप सुरजेवाला को राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश का प्रभारी बनाकर बड़ा तोहफा दिया है।
रणदीप सुरजेवाला ने कैथल में दिया था बयान
लोगों को राक्षस बताने वाली मानसिकता पर कांग्रेस ने अपनी मोहर लगा दी है। इस ट्वीट के बाद से सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह से लोग कांग्रेस को घेरते नजर आ रहे हैं। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही रणदीप सुरजेवाला ने कैथल में बयान दिया था कि भाजपा का जो समर्थन करता है या जो भी उन्हें वोट देता है वह राक्षस प्रवृत्ति का है। मैं उन्हें महाभारत की धरती पर शाप देता हूं। इस बयान के आने के बाद सुरजेवाला की भाजपा ने तीखे शब्दों में आलोचना की थी। ऐसे समय में सुरजेवाला को मध्य प्रदेश की जिम्मेदारी देने से राजनैतिक क्षेत्र में हलचल मच गई है।