कोरोना मरीजों की संख्या में कटौती होते ही रेलवे ने अब धीरे-धीरे स्पेशल ट्रेनों सहित दैनिक ट्रेनों की शुरुआत कर दी है। इसलिए रेलवे ने अब दैनिक और जनरल टिकट यात्रियों को बड़ी राहत प्रदान की है। अब ऐसे यात्री मोबाइल एप से जनरल रेल टिकट बुक करने की सेवा का फायदा ले सकते हैं।
अंबाला रेल डिवीजन के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक हरि मोहन ने बताया कि कोविड-19 का खतरा अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है। इसलिए रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन की ओर से मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों को चलाया जा रहा है। सोमवार से अनारक्षित पैसेंजर ट्रेनों का संचालन भी शुरू हो चुका है। यात्रियों को टिकट लेने में परेशानी न हो इसलिए अनारक्षित टिकट यूटीएस ऑन मोबाइल एप का संचालन पुन: शुरू किया गया है।
उन्होंने बताया कि लोगों की मांग पर स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रहीं हैं। यात्रियों को रेलवे काउंटर से अनारक्षित टिकट खरीदने के लिए लाइनों में लगने के अलावा कई अन्य समस्याओं का भी सामना करना पड़ता है। इसलिए रेलवे बोर्ड की हिदायत अनुसार यूटीएस ऑन मोबाइल एप से अनारक्षित टिकट की बिक्री फिर से शुरू कर दी है। प्रबंधक ने बताया कि यात्री अपने स्मार्ट मोबाइल फोन पर यूटीएस ऑन मोबाइल एप्लिकेशन प्ले-स्टोर या एप्लीकेशन स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। इसके बाद अपना मोबाइल नंबर डालकर खुद को रजिस्टर करें। रजिस्टर होने के बाद जीरो बैलेंस के साथ आर-वॉलेट नजर आएगा। इसके बाद आर-वॉलेट को रीचार्ज करें। इस एप के जरिए यात्री यूटीएस एप्लीकेशन में लॉगइन करने के बाद रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर, नजदीकी स्टेशन, ट्रेन की प्रकार, क्लास, यात्रियों की संख्या, रूट और गंतव्य चुनेंगे और प्रक्रिया पूरी करने के बाद पेमेंट करेंगे दें। टिकट मोबाइल पर ही मिल जाएगी।