फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खुशी इतनी की सीट न मिलने पर भी सवार हुए 5 अतिरिक्त यात्री, 57 के साथ लखनऊ रवाना हुई पहली बस

विज्ञापन
बस को झंडी दिखाकर रवाना करते रोडवेज महाप्रबंधक व अन्य - फोटो : Ambala
विज्ञापन
छावनी बस अड्डे से लखनऊ के लिए चली पहली बस में 52 की जगह 57 यात्री सवार हुए। बस चलने की खुशी में पांच यात्रियों ने सीट न मिलते हुए भी सफर करने की इच्छा जताई। इसके बाद सभी की टिकट बनाई गई। यात्रियों में बस चलने को लेकर इतनी उत्सुकता थी कि खुशी में कुछ यात्री बद्दी से दूसरी बस में बैठकर सुबह 10 बजे ही छावनी बस अड्डा पहुंच गए। जब वह टिकट लेने के लिए काउंटर पर आए तो उन्हें जानकारी मिली की बस तो बद्दी से ही चलेगी, लेकिन इसके बाद भी सवारियों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। उन्होंने टिकट लेकर परिवार सहित बस में सीट आरक्षित करवाई। अंबाला से लखनऊ के बीच चलने वाली बस शनिवार तय समय अनुसार दोपहर एक बजे बद्दी बस अड्डे से रवाना हुई। बस लगभग दोपहर 3.06 बजे छावनी बस अड्डे के काउंटर नंबर 18 पर पहुंची। बस सही समय दोपहर 3.30 पर लखनऊ के लिए रवाना हुई।
विज्ञापन

जीएम ने फूलमाला पहनाकर किया चालक-परिचालक का स्वागत
बस को रवाना करने से पहले हरियाणा रोडवेज अंबाला डिपो महाप्रबंधक मनीष सहगल ने जहां एक तरफ फूलमाला पहनाकर चालक, परिचालक और निरीक्षक की हौसला-अफजाई की। साथ ही बस में बैठी सवारियों का भी उत्साह बढ़ाया। सभी सवारियों ने विजय निशान बनाते हुए तालियों की गड़गड़ाहट के बीच रोडवेज अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार जताया। यह सब कार्य रोडवेज महाप्रबंधक मनीष सहगल के मार्गदर्शन में रोडवेज कर्मचारी रामफल और संजय सहित अन्य के सहयोग से पूरा हो पाया। जिन्होंने लगातार 15 दिन तक दौड़ धूप कर लखनऊ प्रशासन से बस का परमिट लिया और फिर पूरे मार्ग का निरीक्षण किया, ताकि बस संचालन को लेकर किसी प्रकार की परेशानी न रहे।
जानिए बस में कहां-कहां के लिए सवार हुए यात्री
बस में पहले दिन बद्दी से लखनऊ के लिए 4 सवारियां, अंबाला से लखनऊ के लिए 41 सवारियां, सीतपुर, बरेली और रामपुर के लिए 12 सवारियां सवार हुईं। इस मौके पर अड्डा इंचार्ज शमशेर सिंह, सहायक अनिल भारद्वाज सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
विज्ञापन

970 बद्दी से तो अंबाला से लगेंगे 870 रुपये
बद्दी से लखनऊ का किराया पहले 950 रुपये और अंबाला से 850 रुपये तय किया गया था, लेकिन रूट में मामूली बदलाव के चलते किराया 20 रुपये बढ़ाया गया है। अब बद्दी से प्रति व्यक्ति किराया 970 रुपये और अंबाला से प्रति व्यक्ति किराया 870 रुपये होगा।
4 कर्मचारी तैनात
2018 बस मॉडल नंबर एचआर37डी-2997 को विशेष तौर पर तैयार किया गया है। इसमें यात्री विश्राम के लिए केबिन और 350 लीटर डीजल टैंक की व्यवस्था की गई है। इसमें दो चालक सलिंद्र और संजय सहित परिचालक विक्रम तैनात है। उनके मार्गदर्शन और बीच रास्ते किसी भी परेशानी के समाधान के लिए एक निरीक्षक को भी बस के साथ भेजा गया है।
बीच रास्ते यहां रुकेगी
बद्दी से लखनऊ तक 823 किलोमीटर का सफर बस 17 घंटे में पूरा करेगी। वहीं, अंबाला छावनी से लखनऊ की दूरी 738 किलोमीटर है। लखनऊ तक जाने वाली सवारियों को पहले प्राथमिकता दी जाएगी। बद्दी से चलने के बाद बस पंचकूला, जीरकपुर, डेराबसी, अंबाला छावनी, पिपली, करनाल, पानीपत, बहालगढ़ बॉर्डर, दिल्ली, आनंद विहार, गाजियाबाद, हापुड़, गढ़मुक्तेश्वर, बृजघाट, गजरौला, जोया, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, कटरा, शाहजहांपुर, मेगालगंज माहौली और सीतापुर दोनों दिशाओं में रुकेगी।
किसी भी काम को पूरा करने के लिए साथी कर्मचारियों का सहयोग बेहद जरूरी है। लखनऊ सेवा शुरू करने में रोडवेज के निष्ठा और ऊर्जावान कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई सराहनीय है। यह अंबाला डिपो के इतिहास का स्वर्णिम क्षण है जो रोडवेज को बुलंदियों तक ले जाएगा।
विज्ञापन

-मनीष सहलग, महाप्रबंधक, अंबाला डिपो।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें