अंबाला। गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि मैंने हमेशा विकास की राजनीति की है। पहले की सरकारों के समय में छावनी का जो हक मारा गया था, वह मैंने ब्याज समेत जनता को वापस लाकर दिया। मंत्री विज रविवार शाम को चंद्रपुरी में चंद्रपुरी विकास सभा की ओर से आयोजित सभा में लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सभा को भविष्य में जमीन ट्रांसफर होने पर धर्मशाला निर्माण के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की।
उन्होंने बताया कि मच्छौंडा और शाहपुर में सवा-सवा करोड़ रुपये की लागत से दो बड़ी डिस्पेंसरियां बनाई जाएंगी। जल्द ही इस पर काम शुरू किया जाएगा। इस डिस्पेंसरी का लाभ मच्छौंडा, शाहपुर, चंद्रपुरी, सुंदर नगर, घसीटपुर एवं आसपास क्षेत्र के हजारों लोगों को होगा। उन्हें दवा लेने के लिए दूर नहीं जाना होगा और पास ही चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध होगी। गौरतलब है कि क्षेत्रवासी संजीव कुमार की ओर से धर्मशाला निर्माण के लिए जगह चंद्रपुरी विकास सभा को दान में दी गई है। इस अवसर पर सभा के अध्यक्ष शिवरतन शर्मा, नवल किशोर त्रिपाठी, सुभाष मेहता, भाजपा नेता राजीव गुप्ता डिम्पल, सोहनलाल, सुरेश कुमार, जंग बहादुर, रवि सहगल, संजीव सोनी, आशीष गुलाटी मौजूद रहे।