अंबाला। अंबाला-धूलकोट के बीच पटरी क्रेक होने के कारण रेलवे यातायात प्रभावित रहा। इस कारण छावनी रेलवे स्टेशन पर अंबाला-चंडीगढ़ पैसेंजर व ऊंचाहार एक्सप्रेस को रोक दिया। अंबाला-चंडीगढ़ तक चलने वाली पैसेंजर के चलने में देरी हुई तो यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। दैनिक यात्रियों ने प्लेटफार्म नंबर तीन पर रोष जताया। इस बीच दिल्ली से वंदे भारत ट्रेन प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची तो यात्री रेलवे ट्रैक पर उतर गए। उन्होंने ट्रेन के सामने खड़े होकर नारेबाजी शुरू कर दी।
शोर मचते ही आनन-फानन में रेलवे अधिकारी व आरपीएफ मौके पर पहुंची। उन्होंने यात्रियों को देरी होने का कारण बताते हुए मामला शांत करवाया। करीब नौ मिनट की देरी के बाद वंदे भारत को रवाना किया गया। उसके बाद ऊंचाहार से पहले पैसेंजर ट्रेन को चंडीगढ़ के लिए रवाना किया। बताया जाता है कि अंबाला व धूलकोट के बीच खंभा नंबर 202 व 203 के बीच में पटरी में क्रैक आ गया था। ऐसे में छावनी रेलवे स्टेशन पर इसी मार्ग से गुजरने वाली अंबाला-चंडीगढ़ पैसेंजर सहित वंदे भारत और ऊंचाहार एक्सप्रेस को छावनी रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया।
वंदे भारत का अंबाला में आने का समय आठ बजे है और दो मिनट ठहराव के बाद आगे रवाना हो जाती है। मंगलवार को गाड़ी आठ बजकर 16 मिनट पर अंबाला पहुंची और करीब 9 मिनट ठहराव के बाद आगे रवाना हुई। अंबाला से बनकर चलने वाली पैसेंजर ट्रेन का समय सात बजकर 40 मिनट है, वह आठ बजकर 36 मिनट पर रवाना हुई। ऐसे में रोजाना काम पर जाने वाले यात्री देरी होने पर भड़क गए। वहीं ऊंचाहार एक्सप्रेस आठ बजकर आठ मिनट पर छावनी स्टेशन पहुंची, उसे आठ बजकर 45 मिनट पर आगे रवाना किया।
अंबाला-चंडीगढ़ पैसेंजर के यात्रियों ने रोष जताया था। वंदे भारत को नौ मिनट की दूरी से आगे रवाना किया। बाद में पैसेंजर को भी भेज दिया। धूलकोट के पास पटरी में क्रेक आने के कारण पैसेंजर सहित ऊंचाहार एक्सप्रेस को छावनी रेलवे स्टेशन पर रोका था।
राम, स्टेशन सुप्रीडेंटेंट, रेलवे स्टेशन अंबाला छावनी