अंबाला। दैनिक यात्रियों को सुविधाएं देने के लिए मंडल द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर रेलवे ने मुहर लगा दी है। स्पेशल नंबर के आधार पर अंबाला से दिल्ली, हरिद्वार, श्रीगंगानगर और जालंधर के बीच चलाई जा रही स्पेशल आरक्षित इंटरसिटी एक्सप्रेस में अब सामान्य टिकट यात्री भी सफर कर पाएंगे। रेलवे ने 10 सितंबर से उक्त ट्रेनों को सामान्य कोच के साथ चलाने की इजाजत दे दी है।
वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल हरी मोहन ने जानकारी देते हुए बताया है कि यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी करते हुए 4 अनारक्षित ट्रेनों के साथ अब 8 इंटरसिटी एक्सप्रेस भी सामान्य कोच के साथ चलेंगी। इससे दैनिक यात्रियों विशेषकर आमजन को काफी फायदा होगा। भेज गए प्रस्ताव पर रेलवे ने मुहर लगा दी है और इस संबंध में तैयारियां भी आरंभ कर दी गई हैं।
इंटरसिटी में इतने होंगे सामान्य कोच
ट्रेन नंबर 04521/22 अंबाला-दिल्ली-अंबाला इंटरसिटी एक्सप्रेस में 12 अनारक्षित कोच, 04681/82 नई दिल्ली-जालंधर-नई दिल्ली इंटरसिटी में 15 अनारक्षित कोच, 04525/26 अंबाला-श्रीगंगानगर-अंबाला इंटरसिटी में 6 अनारक्षित कोच एवं ट्रेन नंबर 04711/12 श्रीगंगानगर-हरिद्वार-श्रीगंगानगर इंटरसिटी में 10 कोच अनारक्षित श्रेणी के होंगे।
सामान्य टिकट पर 12 ट्रेनों में कर सकेंगे सफर
मौजूदा समय में चार अनारक्षित ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इसमें अनारक्षित ट्रेन नंबर 4501/02 सहारनपुर-ऊना हिमाचल-सहारनपुर और ट्रेन नंबर 04503/04 अंबाला-लुधियाना-अंबाला शामिल है। 3 सितंबर से इन ट्रेनों में मासिक और त्रैमासिक सीजन टिकट पर भी सफर करने की अनुमति रेलवे ने प्रदान कर दी है, वहीं 8 इंटरसिटी में भी जनरल कोच की सुविधा से अब जरनल श्रेणी में सफर करने वाले यात्रियों के लिए ट्रेनों की संख्या भी 4 से बढ़कर 12 हो जाएगी।
इंटरसिटी ट्रेनों की समय सारिणी
ट्रेन नंबर 04521 पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से दोपहर 1.10 बजे रवाना होकर शाम 6.35 बजे छावनी जंक्शन पहुंचेगी, वहीं 04522 छावनी जंक्शन से सुबह 6.40 बजे चलकर दोपहर 12.10 बजे पुरानी दिल्ली पहुंचेगी। इसी प्रकार ट्रेन नंबर 04681 नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से दोपहर 2.45 बजे रवाना होकर रात 8.05 बजे छावनी जंक्शन और रात 11.40 बजे जालंधर सिटी जंक्शन पहुंचेगी। ट्रेन नंबर 04682 जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन से सुबह 4.15 बजे रवाना होकर सुबह 7.32 बजे छावनी जंक्शन और दोपहर 12.45 बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। ट्रेन नंबर 04525 छावनी जंक्शन से सुबह 5.05 बजे रवाना होकर दोपहर 12.15 बजे श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी, वापसी में ट्रेन नंबर 04526 श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशन से दोपहर 2 बजे चलकर रात 9.10 बजे छावनी जंक्शन पहुंचेगी। ट्रेन नंबर 04711 हरिद्वार रेलवे स्टेशन से दोपहर 2.20 बजे रवाना होकर शाम 5.55 बजे छावनी जंक्शन और रात 12.30 बजे श्रीगंगानगर पहुंचेगी, वापसी में ट्रेन नंबर 04712 श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशन से सुबह 4.20 बजे चलकर सुबह 10.25 बजे छावनी जंक्शन और दोपहर 1.40 बजे हरिद्वार पहुंचेगी।