बराड़ा। युवक को अमेरिका भेजने के नाम पर 37 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने महिला से रुपये भी ले लिए और उसके बेटे को भी अपने साथ ले गए और अभी तक लापता है। इसके बाद महिला ने एसपी को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत पर पंजाब के पटियाला निवासी गुरविंद्र गैरी, तंदवाल निवासी विक्रम, मुकेश, खानपुर निवासी मनजीत कौर के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
नारायणगढ़ के गांव ओखल निवासी सुखविंद्र कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खानपुर निवासी मनजीत कौर से एक कार्यक्रम में मिली थी। महिला ने उसे बताया कि वह विदेश भेजने का काम करती है और वह दिल्ली में एक एजेंट को जानती है। उसने कहा कि वह उसके बेटे मनजोत को भी विदेश भिजवा देगी, और रुपये वीजा लगने पर ही लेगी। सुखविंद्र कौर ने इसकी जानकारी बराड़ा के शेरपुर सुलखनी निवासी अपने जीजा रणजीत सिंह को दी। इसके बाद मनजीत कौर उसके घर गांव ओखल में गई। जहां आरोपी महिला ने उनकी बात गुरविंद्र गैरी, विक्रम व मुकेश के साथ करवाई। बाद में बराडा में महिला ने बेटे मनजोत सिंह के दस्तावेज व 17 लाख रुपये नकद आरोपी महिला व उसके साथियों को दे दिए। आराेपियों ने कहा कि वह मनजोत सिंह को जल्दी ही विदेश भेज देंगे। वह 20 लाख रुपये नकद तैयार रखे।
सितंबर में 20 लाख रुपये व बेटे को संग ले गए थे आरोपी
शिकायतकर्ता ने बताया कि सितंबर 2022 को बेटे मनजोत सिंह व 20 लाख रुपये लेकर बराड़ा पहुंची और उसकी मुलाकात विक्रम व मुकेश से हुई। उन्होंने 20 लाख रुपये नकद ले लिए और साथ में बेटे मनजोत को भी अपने साथ ले गये। महिला के अनुसार आज तक बेटे मनजोत के बारे में कुछ पता नहीं चला है। उसने यह राशि जमीन बेचकर व कुछ रकम आढ़ती से ब्याज पर कुछ रकम अपने रिश्तेदारों से लेकर एजेंटों को दी थी। हालांकि बाद में पंचायत भी हुई थी और उसमें भी कोई समाधान नहीं हुआ।