संवाद न्यूज एजेंसी, अंबाला।
स्टडी वीजा पर आस्ट्रेलिया भेजने, फर्जी दस्तावेज तैयार करते हुए 12.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बताया जाता है कि पीड़ित ने ऑनलाइन साइट पर जाकर सर्च करते हुए एजेंट का नंबर लिया था, पीड़ित ने एसपी को दी शिकायत के बाद आरोपी पति पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया।
थाना अंबाला सदर पुलिस को दी शिकायत में गांव भानोखेड़ी निवासी टेकचंद ने बताया कि वह खेती-बाड़ी का काम करता है, उसने अपने बडे़ बेटे तुषार शर्मा को स्टडी वीजा पर आस्ट्रेलिया भेजना था। इसके लिए उसने ऑनलाइन साइट पर जाकर विदेश भेजने वाले एजेंट के बारे में सर्च किया तो प्रार्थी की चंडीगढ़ के सेक्टर 34 स्थित एवीएम ग्लोबल के डायरेक्टर अमन से मोबाइल पर बातचीत हो गई। जिसने उसे बताया कि उसका आस्ट्रेलिया में काफी काॅलेज और विश्वविद्यालयों के साथ संपर्क है और वह प्रार्थी के बेटे को आस्ट्रेलिया का वीजा लगवा देगा। इस पर चंडीगढ में उसके कार्यालय में गया। जहां पर उसे अमन की पत्नी मानसी मिली। जिसने उसके बेटे का स्टडी वीजा लगवाने का खर्च 14 लाख रुपये बताया। इसके बाद पीड़ित के बेटे तुषार ने अपने दस्तावेज व पासपोर्ट अमन व मानसी के पास भेज दिए। इसके बाद पीड़ित ने आरोपी अमन के कहे अनुसार ऑफर लेटर के लिए 12 हजार रुपये गूगल-पे कर दिए। इस पर आरोपियों ने एक कुकरी कोर्स से जुड़ा ऑफर लेटर मंगवाकर तुषार के व्हाटसएप पर भेज दिया। आरोपी ने काॅलेज फीस व बीमा के नाम पर 8 लाख 80 हजार रुपयों की मांग की तो उसने यह रूपये आरोपी के एसबीआई में ट्रांसफर कर दिए, इसके बाद तीन लाख रुपये और भेज दिए।