- पूछताछ में खुलासा- एक फोन आने के बाद अमृतसर में ही डिब्बे में मिला था आरडीएक्स
- अमृतसर निशानदेही के लिए ले गई पुलिस, पहले तीन आरोपियों को किया था काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। बराड़ा से दो किलो आरडीएक्स पकड़े जाने के मामले में पुलिस ने चौथे आरोपी पंजाब के बड़ी नाग गांव निवासी मक्खनदीप को काबू कर लिया है। अमृतसर पुलिस ने पहले ही मक्खनदीन को उसके छह साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया था। आरडीएक्स मामले में भी मक्खनदीन का नाम उजागर होने पर अंबाला पुलिस पंजाब से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पहुंची। रविवार कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस पहले इस मामले में मक्खनदीन को ही पाकिस्तान बॉर्डर से दो किलो आरडीएक्स लाकर तीनों युवकों को देने वाला मान रही थी लेकिन पूछताछ में मक्खनदीन ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। बताया कि उसे भी पाकिस्तान से ही एक फोन आने के बाद आरडीएक्स का डिब्बा अमृतसर में ही एक जगह पर रखा मिला था। डिब्बा उठाने के बाद अंबाला के कंबासी गांव निवासी जंगबीर को दिया था। हालांकि पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी के जरिये फोन करने वाले तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। आरोपियों को निशानदेही करवाने के साथ-साथ बरामद किए 2 किलो आरडीएक्स के डेटोनेटर की चिप भी बरामद करनी है। 14 अप्रैल को अंबाला पुलिस ने बराड़ा क्षेत्र से जंगवीर, अकबर और अनस को 2 किलो आरडीएक्स के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। रिमांड में मक्खनदीन का नाम सामने आया था।