अंबाला। जिला में टूर एंड ट्रैवलर संचालकों के पास प्रयागराज के लिए बुकिंग लगातार आ रही हैं। श्रद्धालु प्रयागराज, वृंदावन, चित्रकूट और अयोध्या जाने के लिए 70 से 80 हजार रुपये में टेंपो ट्रैवलर बुकिंग करवाकर जा रहे हैं।
हैरानी की बात है कि पिछले कुंभ के मुकाबले इस बार महाकुंभ जाने को ट्रेवल एजेंसियों के पास चार गुणा अधिक बुकिंग हो रही हैं। महाकुंभ में जाने वाले भक्तों की टेंपो ट्रैवलर पहली पसंद बना है। भक्त सबसे ज्यादा 20, 26, 50 और 55 सीटर टेंपो ट्रैवलर बुक करवा रहे हैं। श्रद्धालु प्रयागराज में त्रिवेणी घाट पर डुबकी लगाने को आतुर हैं। ट्रेनों में पहले से ही सीटें रिजर्व होने के चलते उनकी टिकट कंफर्म नहीं हो रही है। इसलिए भक्त टूर एंड ट्रेवल के माध्यम से बुकिंग करवा रहे हैं और प्रयागराज जा रहे हैं।
अंबाला और पंचकूला से आ रही बुकिंग
अंबाला छावनी बस स्टैंड स्थित नार्थवे हाॅलिडे कार रेंटल सर्विस से संचालक प्रभदीप सिंह ने बताया कि उनके पास अंबाला कैंट, अंबाला सिटी और पंचकूला की बुकिंग आ रही है। प्रयागराज में 29 जनवरी के स्नान के लिए वह 18 गाड़ियों की बुकिंग कर चुके हैं, जिसमें आठ टेंपो ट्रेवलर और 10 बसें बुक हैं। वहीं 14 जनवरी मकर संक्रांति के लिए उनके पास चार गाड़ियां ही प्रयागराज गई थी।
महाकुंभ के साथ करेंगे रामलला के दर्शन
विवेक अरोडा ने बताया कि उनका अंबाला सिटी में पंजाब ट्रेवल के नाम से काम है। इस बार उनके पास पहले के मुकाबले काम अधिक है। श्रद्धालु प्रयागराज में महाकुंभ ही नहीं बल्कि चित्रकूट, वृंदावन और अयाेध्या में भी श्री राम लला के दर्शन करने को बुकिंग करवा रहे हैं। इस रूट के लिए 70 से 80 हजार रुपये में गाड़ियां जा रही हैं। अभी तक वह पांच टेंपो ट्रेवलर भेज चुके हैं। छह वाहन और बुक हो चुके हैं। इसके अलावा और भी बुकिंग आ रही है।
वर्जन
हो रही बड़े वाहनों की बुकिंग : मनदीप
मनदीप ने बताया कि उनका टूर एंड ट्रैवल का काम है। प्रयागराज के लिए इस बार सबसे ज्यादा टेंपो ट्रैवलर की डिमांड सबसे ज्यादा आ रही है। भक्त इस बार 22 सीट, 26 सीट, 50 सीट और 55 सीटर टैंपो ट्रेवलर बुक करवा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहले भी कई कुंभ आए हैं लेकिन इस बार सबसे ज्यादा बुकिंग आ रही है। इस बार भक्त की आस्था सबसे ज्यादा प्रयागराज में दिखाई दे रही है।