अंबाला। ट्रेन में सफर करने वाली अकेली महिलाओं के पर्स चोरी करने वाले सांसी गिरोह के चार सदस्यों को जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े चारों आरोपियों ने दो ट्रेनों में चोरी की वारदात को कबूल किया है।
आरोपियों की पहचान हिसार निवासी विनोद, सतपाल व सुरेंद्र और रोहतक निवासी रवि के तौर पर हुई है। चारों आरोपियों के खिलाफ पहले भी चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। जांच अधिकारी सुखबीर सिंह ने बताया कि सुरेंद्र उर्फ सोनू और रवि ने 9 फरवरी को ट्रेन नंबर 22462 श्रीशक्ति एक्सप्रेस में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इस संबंध में प्रियंका नामक महिला की तरफ से नई दिल्ली के जीआरपी थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी।
प्रियंका ने बताया कि वो कटरा से नई दिल्ली तक सफर कर रही थी। सफर के दौरान जब ट्रेन अंबाला कैंट स्टेशन पर पहुंची तो किसी ने उसका पर्स चोरी कर लिया। पर्स में कुछ नकदी, सोने की अंगूठी व अन्य सामान था। इसी प्रकार दूसरे मामले के जांच अधिकारी संजीव ने बताया कि विनोद और सतपाल को दूसरी चोरी के मामले में गिरफ्तार किया है। यह चोरी उन्होंने दो फरवरी को हिमाचल एक्सप्रेस में की थी।
इस दौरान दोनों आरोपी महिला का पर्स लेकर फरार हो गए थे। इस संबंध में सूरत गुजरात निवासी सुमन की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। सुमन ने बताया था कि वो हिमाचल से दिल्ली तक यात्रा कर रही थी। सफर के दौरान अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर किसी अज्ञात ने उसका पर्स चोरी कर लिया। पर्स में दो मोबाइल फोन, सोने का मंगलसूत्र, कान की बालियां, चांदी की पायल, आधार कार्ड, पेनकार्ड, चार एटीएम व कुछ नकदी थी।