अंबाला। कोहरा बढ़ते ही ट्रेनों का संचालन लगातार प्रभावित हो रहा है। मंगलवार को भी अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन से निकलने वाली 10 ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। इसमें वंदे भारत एक्सप्रेस 40 घंटे तो गरीबरथ आठ घंटे की देरी से गंतव्य स्टेशन पर पहुंची।
इस कारण ट्रेन के इंतजार में यात्रियों का घंटों रेलवे स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा, हालांकि रेलवे ने लगातार उद्धोषणा करवाकर देरी से चलने वाली ट्रेनों की जानकारी यात्रियों तक पहुंचाई। ट्रेन नंबर 22440 कटरा-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस 40 मिनट, 12203 सहरसा-अमृतसर गरीबरथ एक्सप्रेस 9 घंटे, 18238 अमृतसर-बिलासपुर छतीसगढ़ एक्सप्रेस 30 मिनट, 14526 श्रीगंगानगर-अंबाला कैंट इंटरसिटी एक्सप्रेस 20 मिनट, 12413 अजमेर-जम्मूतवी एक्सप्रेस 2 घंटे, 11077 पूने-जम्मूतवी झेलम एक्सप्रेस 40 मिनट, 18237 कोरबा-अमृतसर छतीसगढ़ एक्सप्रेस 40 मिनट, 18103 टाटानगर-अमृतसर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस 45 मिनट, 14674 अमृतसर-जयनगर शहीद एक्सप्रेस 2 घंटे, 18309 संभलपुर-जम्मूतवी 30 मिनट देरी से अंबाला कैंट पहुंची।
वायु प्रदूषण में आई कमी
दिन के समय 25.8 तो रात्रि के समय 13 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। दिन का तापमान सामान्य तापमान से एक डिग्री अधिक रहा तो रात्रि तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। वहीं एक्यूआई 121 माइक्रो ग्राम प्रति घनमीटर रहा। सोमवार की तुलना में वायु की गुणवत्ता कुछ ठीक हुई है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ मदन खिचड़ ने बताया कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 27 नवंबर तक खुश्क रहने की संभावना है। वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ने से अलसुबह व रात्रि को कहीं हल्की से मध्यम धुंध या कहीं स्मॉग की स्थिति बन सकती है। इस दौरान रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी तथा दिन के तापमान में हल्की गिरावट की संभावित है। अब रात्रि तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है।