संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। मोहड़ा ग्राम पंचायत की निलंबित सरपंच कमलजीत कौर के खिलाफ थाना पड़ाव में प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन पर पंचायत का जरूरी रिकॉर्ड अपने पास छिपाकर रखने और प्रशासन द्वारा सर्च वारंट जारी करने के बाद भी उसे न सौंपने का आरोप है। पुलिस ने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कैंट के बीडीपीओ की ओर से दी गई शिकायत के अनुसार, कमलजीत कौर के पास पंचायत का रिकॉर्ड होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद उपमंडल मजिस्ट्रेट अंबाला कैंट के आदेशों पर सर्च वारंट की पालना करते हुए पूर्व सरपंच के घर तलाशी ली गई। इस दौरान केवल 9 कार्यवाही रजिस्टर, कुछ बैंक पासबुक और चेक बुक ही बरामद हो सकीं।
मौजूदा कार्यवाहक सरपंच और ग्राम सचिव ने प्रशासन को बताया कि अभी भी पंचायत की कैशबुक, स्टॉक रजिस्टर, एमबी, वाउचर फाइल और वर्ष 2022 से संबंधित तमाम पुराना रिकॉर्ड पूर्व सरपंच के पास ही है। रिकॉर्ड न मिलने से गांव के सफाईकर्मियों का मानदेय जारी करने और अन्य आवश्यक सरकारी रिपोर्ट तैयार करने में अड़चन आ रही है। जांच अधिकारी मोहित ने मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए। अधिकारी का कहना है कि नियमानुसार रिकॉर्ड बरामदगी की कार्रवाई की जा रही है।