अंबाला। पंजाबी इंडस्ट्री से निकल बॉलीवुड पहुंचे अंबाला में जन्में अपूर्व अरोड़ा का डंका अब हॉलीवुड में बज रहा है। मेहनत और लग्न के बलबूते अपूर्व अरोड़ा ने अमेरिका के लॉस एंजिल्स में खुद की प्रोडक्शन कंपनी अपूर्व अरोड़ा फिल्मस एलएलसी बना ली है। अभी तक वह अपने बैनर तले करीब 60 विदेशी व भारतीय लोगों को रोजगार दे चुके हैं। इसके साथ-साथ अपूर्व आज युवाओं के लिए मिसाल बन चुके हें। अपूर्व ने अमर उजाला के संवाददाता से फोन पर विशेष बातचीत में कहा कि भारत में स्पीड रिकॉर्ड्स के साथ एक निर्माता के रूप में काम किया। अपने बैनर तले 40 से अधिक संगीत वीडियो का निर्माण किया। इसमें प्रत्येक वीडियो को 400 मिलियन से अधिक बार देखा गया।
अपूर्व ने बताया कि वह छावनी के सदर बाजार में रहते थे। बाद में सैन्य क्षेत्र स्थित हार्डिंग लाइन में शिफ्ट हो गए। पिता हरजीत पाल अरोड़ा उर्फ जीतू बिजनेसमैन हैं तो मां जगरूप गृहिणी हैं। तीन बड़ी बहनें भी हैं, जो शादीशुदा हैं। 11वीं व 12वीं मसूरी में की। 2012 में पटियाला की पंजाबी यूनिवर्सिटी से बीटेक की। बचपन से फिल्म निर्माता बनने का शौक था। उन्होंने पंजाबी इंडस्ट्री में बतौर प्रोड्यूसर काम किया। 2015 में मुंबई गए। वहां बाला टेलीफिल्मस और एमटीवी बी बॉस में बतौर क्रिएटिव काम किया। इसके अलावा कई बड़े बैनर के तले काम भी काम किया। बीटेक के बाद अमेरिका में डिग्री के लिए शिफ्ट हो गए। संवाद
सिद्धू मूसेवाला का गाना अमेरिका में किया था प्रोड्यूस
अपूर्व ने बताया कि सिधू मूसेवाला का गाना सेम बीफ गाना लॉस एंजिल्स में ही शूट हुआ था। इस गाने को भी उन्होंने अपने बैनर तले प्रोड्यूस किया था। प्रोडक्शन कंपनी द्वारा म्यूजिक वीडियो, शॉर्ट फिल्म, फीचर फिल्म तैयार की गई। बेहतरीन काम को देखकर 2019 में फ्रोजन टू फिल्मी में डिजनी इंडिया के साथ काम किया। साथ ही प्रियंका चोपड़ा व परिणीति चोपड़ा के साथ काम किया। इसके अलावा अपूर्व ने पंजाबी गीत पुत जट्ट दा..., मन भरिया बदल गया सारा..., परमीत के टोर नाल छड़ा को को-प्रोड्यूस किया। जल्द ही उनकी प्रोड्यूस की गई इंडियन अमेरिकन शॉर्ट फिल्म बगीचा रिलीज होगी।