अंबाला में नशे में धुत पिता ने बेटी से किया दुष्कर्म का प्रयास
- फोटो : संवाद
पंजोखरा थाना क्षेत्र में नशे में धुत पिता ने अपनी 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। जब किशोरी ने खुद को बचाने के लिए विरोध किया तो उसकी गर्दन सहित दो-तीन जगह पर दांतों से बुरी तरह काट लिया। छोटे भाई के शोर मचाने के बाद डायल-112 टीम आई। किशोरी की तहरीर पर पंजोखरा थाना पुलिस ने पिता पर पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया।
ड्यूटी पर गई हुई थी पीड़िता की मां
पुलिस के अनुसार,पीड़िता की मां एक निजी अस्पताल में सफाई कर्मचारी के रूप में काम करती है और घटना के समय वह ड्यूटी पर गई हुई थी। घर में 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली बेटी और उसका छोटा भाई मौजूद थे। आरोपी पिता अत्यधिक शराब पीने का आदी है और कोई काम नहीं करता जिससे पूरे घर का गुजर-बसर पत्नी की कमाई पर निर्भर है। घटना वाले दिन आरोपी शराब के नशे में घर पहुंचा। उसने साजिश के तहत अपने छोटे बेटे को कुछ काम या बात करने के बहाने घर से बाहर भेज दिया। इसके बाद आरोपी ने अपनी ही बेटी को पकड़ लिया और उसके साथ जबरदस्ती करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया।
भाई के लौटने पर खुला राज, फटे हुए थे कपड़े
किशोरी ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी पिता का जमकर विरोध किया था। ऐसे में बौखलाए पिता ने उसे शरीर पर कई जगह दांतों से काट लिया और कपड़े भी फाड़ दिए। इसी बीच जब छोटा भाई घर लौटा तो उसने पिता को बहन के साथ जबरदस्ती करते देखा। भाई के आते ही पीड़िता ने रोते हुए पूरी बात बताई। इसके बाद मामले की सूचना तुरंत मां और पुलिस को दी गई। पीड़िता का अंबाला सिटी के नागरिक अस्पताल में उपचार व मेडिकल परीक्षण करवाया गया।
वहीं, इस मामले में अंबाला बाल कल्याण समिति की चेयरपर्सन रंजीता सचदेवा ने बताया कि पीड़िता अपनी मां के साथ ही रह रही है। सोमवार को उसककी काउंसलिंग की जाएगी।