अंबाला सिटी: शंभू टोल प्लाज से गुजरते वाहनों का फाईल फोटो। - संवाद।
- फोटो : Ambala
कृषि कानूनों के विरोध में किसान आज से तीन दिनों तक शंभू टोल प्लाजा पर डेरा जमाएंगे। साथ ही उन्होंने सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक विरोध प्रदर्शन करते हुए टोल को कर मुक्त करने का एलान भी कर दिया है। अलबत्ता प्रतिदिन सरकार को लगभग 40 लाख रुपये का नुकसान होना तय माना जा रहा है। वहीं, शंभू टोल प्लाजा से गुजरने वाली लगभग 15 हजार गाड़ियों को इससे लाभ मिलेगा, क्योंकि यह गाड़ियां बिना टोल दिए प्लाजा से गुजरेंगी।
भाकियू के उप प्रधान गुलाब सिंह ने बताया कि सरकार जब तक कृषि कानूनों को वापस नहीं लेती है तब तक उनका प्रदर्शन इसी प्रकार जारी रहेगा। इससे पहले भी 12 दिसंबर को एक दिन के लिए टोल फ्री किया गया था। जिसे अब बढ़ाकर तीन दिनों का कर दिया है। अगर सरकार आगे भी हम किसानों की मांगों को नहीं मानती है तो आने वाले दिनों में इस आंदोलन को और अधिक तेज किया जाएगा और सरकार के खिलाफ हल्ला बोला जाएगा। उधर, किसानों के ऐलान के बाद पुलिस भी अलर्ट हो गई है। किसी भी तरह की हिंसा घटना न हो इसके लिए पुलिस मौके पर तैनात रहेगी।
किसान बोले, शांतिपूर्ण तरीके से करेंगे आंदोलन
किसानों ने बताया कि शंभू बार्डर पर उनकी ओर से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान न तो किसी गाड़ी को रोका जाएगा और न ही किसी तरह का कोई चौक चौराहे को बंद किया जाएगा। वह पिछली बार की तरह इस बार भी टोल के एक किनारे पर बैठते हुए अपने प्रदर्शन करते हुए सरकार तक अपनी बात पहुंचाने का काम करेंगे।