अंबाला। नगर परिषद ने छावनी के प्रमुख बाजारों में अवैध रूप से विज्ञापन और होर्डिंग लगाने वालों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बाजारों में वीरवार को चलाए गए विशेष अभियान के तहत बिजली के खंभों और फैंसी लाइट्स पर लगाए गए अवैध होर्डिंग्स को जब्त कर लिया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध प्रचार करने वालों में हड़कंप मच गया है।
कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने केवल होर्डिंग्स हटाने तक ही सीमित नहीं रखा, बल्कि जब्त किए गए विज्ञापनों और होर्डिंग्स पर दर्ज पतों और मोबाइल नंबरों को भी नोट किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, इन विवरणों के आधार पर संबंधित संचालकों को नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि नियमों की अनदेखी करने वालों पर कानूनी शिकंजा कसा जा सके।
प्रशासन की इस सख्ती का असर अब धरातल पर दिखने लगा है। पूर्व में जारी किए गए 22 नोटिसों के बाद नियमों का उल्लंघन करने वाले 15 से अधिक लोगों ने आगे आकर 10,000 रुपये तक का जुर्माना जमा करवा दिया है। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी देवेंद्र नरवाल का कहना है कि शहर की सुंदरता बिगाड़ने और बिना अनुमति के प्रचार सामग्री लगाने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। संवाद