मुलाना। हर साल चैत्र शुक्ल पक्ष में मां भगवती के पावन नवरात्रों पर लगने वाला प्रसिद्ध मेला मां भगवती माता बाला सुंदरी मंदिर मुलाना के प्रांगण में प्रथम पावन नवरात्र 02 अप्रैल से आरंभ होगा। जिसके लिए मंदिर कमेटी ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंदिर में भव्य सजावट की गई है। इस मंदिर की मान्यता केवल मुलाना में ही नहीं, बल्कि दूरदराज के राज्यों तक है। यहां यूपी, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल, दिल्ली व अन्य जगहों से लोग मां का आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं।
मंदिर कमेटी के प्रधान सोमप्रकाश व सचिव अशोक राणा ने बताया कि वर्ष में दोनों नवरात्रों पर मंदिर में भव्य मेले का आयोजन किया जाता हैं। इसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर माता बाला सुंदरी के समक्ष शीश नवाकर मन्नत मांगते हैं। उन्होंने बताया कि 8 अप्रैल को सप्तमी वाले दिन मंदिर प्रांगण में हर साल की तरह हवन।यज्ञ होगा। 9 को रामायण पाठ का शुभारंभ होगा। वहीं 10 को राम नवमी के पावन अवसर पर रामायण पाठ संपन्न होगा। मां भगवती के जागरण का आयोजन 14 अप्रैल को किया जाएगा।
16 अप्रैल को पूर्णिमा पर हनुमान जयंती मनाई जाएगी। 15 व 16 अप्रैल को दंगल का आयोजन होगा। इसमें दूरदराज से पहलवान पहुंचकर अपना दमखम दिखाएंगे। इसके अलावा मेले में श्रद्धालुओं के लिए सभी सुविधाओं का इंतजाम किया गया है। श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क कमरे उपलब्ध किए जाएंगे। इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए पीने के पानी सहित अन्य सुविधाओं की तैयारी भी पूर्ण की जा चुकी हैं।