अंबाला सिटी। प्रदेश सरकार सोमवार को बजट पेश करने जा रही है। इसके लिए प्रदेश के प्रत्येक वर्ग ने उम्मीदें लगा ली हैं। व्यापारी वर्ग से लेकर विद्यार्थियों को भी राहत की उम्मीदें है। शिक्षा के क्षेत्र से लेकर रोजगार बढ़ाने को लेकर युवा वर्ग सरकार से उम्मीदें लगाए बैठा है।
व्यापारियों की मांगों पर गौर करें तो बीते वर्ष भी अंबाला में मल्टी लॉजिस्टिक्स पार्क बनाने का वायदा मिला था। इसकी फाइल अभी तक आगे नहीं चल पाई है। वहीं अंबाला के मिक्सी उद्योग को भी नया रूप देने की पहल अभी तक अधूरी है। इसके साथ ही स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी सुधार करने की आवश्यकता है। जिला सहित पूरे प्रदेश में चिकित्सकों सहित स्वास्थ्य कर्मियों का भी टोटा है।
कर्ज मिलने में हो आसानी
मिक्सी उद्योग के जिला प्रधान अजय अग्रवाल ने बताया कि बजट में पुरानी मांगों को प्राथमिकता देनी चाहिए। इसके साथ ही अंबाला में मिक्सी उद्योग को बचाने के लिए भी कदम उठाते हुए ब्याज दरों में कमी होनी चाहिए। इसके साथ ही छोटे व्यापारियों को मिलने वाले ऋण की औपचारिकताओं में कमी होनी चाहिए।
छोटे व्यापारियों को मिले मजबूती
सीए अतुल जैन ने कहा कि सरकार को व्यापारियों के लिए कर में कमी करनी चाहिए। जिससे वे भी अपना व्यापार मजबूत कर सकें। बीते कई वर्षों से छोटे व्यापारी सरकार से उम्मीद ही लगाए बैठे हैं।
आम नागरिक को मिले राहत
महिला अधिवक्ता नम्रता गाैड़ ने बताया कि आमजन को राहत देने के लिए राज्य सरकार को पेट्रोल और डीजल के दामों में थोड़ी राहत देनी चाहिए। इससे आमजन को भी आर्थिक परेशानी न हो।
फसल मुआवजा बढ़ाए सरकार
किसान खुशप्रीत सिंह ने कहा कि राज्य सरकार को अपने बजट में किसानों का हित भी देखना चाहिए। इसके लिए वह पराली प्रबंधन व फसल खराबे के मुआवजे को बढ़ाए। जिससे किसान वर्ग को भी राहत मिले। इसके साथ ही खाद की उपलब्धता व उसके मूल्यों को लेकर भी सख्त नियम बनाएं।
मिक्सी उद्योग के जिला प्रधान अजय अग्रवाल- फोटो : ramban
मिक्सी उद्योग के जिला प्रधान अजय अग्रवाल- फोटो : ramban