- 16 से शुरू हो रही कक्षा पहली से पांचवीं की वार्षिक परीक्षाओं में पेन-पेपर आधारित परीक्षा के अलावा मौखिक साक्षात्कार भी होंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए निपुण हरियाणा मिशन के तहत विद्यार्थियों का कौशल जांचा जाएगा। बुधवार से शिक्षा विभाग ने दो महत्वपूर्ण चरणों में मूल्यांकन प्रक्रिया शुरू कर दी है। शिक्षा विभाग के अनुसार 11 से 13 मार्च तक कक्षा तीसरी के विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय स्तर का फाउंडेशनल लर्निंग स्टडी (एफएलएस) आयोजित किया जाएगा। इस सर्वे का मुख्य उद्देश्य बच्चों में बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान की दक्षता को परखना है।
16 से वार्षिक मूल्यांकन
पहली से पांचवीं तक की वार्षिक परीक्षाएं 16 मार्च से 25 मार्च तक चलेंगी। इस बार मूल्यांकन लिखित और मौखिक, दोनों प्रारूपों में होगा। जहां लिखित परीक्षा पेन-पेपर आधारित होगी, वहीं शिक्षकों द्वारा सीधा मौखिक साक्षात्कार भी लिया जाएगा। परीक्षा संपन्न होने के बाद विद्यार्थियों का परिणाम शिक्षकों की ओ से निपुण हरियाणा टीचर एप पर अपलोड किया जाएगा। विभाग ने शिक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे एप के कंटेंट रिपोजिटरी में उपलब्ध अभ्यास सामग्री और सैंपल पेपर की मदद से विद्यार्थियों की तैयारी सुनिश्चित करें।
वार्षिक मूल्यांकन की मुख्य तिथियां
बालवाटिका III : 16 व 17 मार्च।
कक्षा 1 से 3 : 16, 17, 18, 19, 20 व 24 मार्च (विषयानुसार)।
कक्षा 4 व 5 : 18, 19, 20, 24 व 25 मार्च।
बच्चों के ज्ञान में वृद्धि के लिए शिक्षा विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है ताकि प्राथमिक स्तर पर ही बच्चों के स्तर को सुधारा जा सके। शिक्षकों को भी लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं। इसके मूल्यांकन की प्रक्रिया जल्द शुरू हो जाएगी।
- सुधीर कालड़ा, जिला शिक्षा अधिकारी, अंबाला