कुरुक्षेत्र। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम का सेक्टर-आठ स्थित सर्कल कार्यालय। संवाद
कुरुक्षेत्र। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर से मंगलवार को शिकायतों का निवारण करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय खुला दरबार लगाया गया। सेक्टर-आठ स्थित जिला कार्यालय विद्युत सदन में लगे इस दरबार में महज दो शिकायतें पहुंची। इसमें पिहोवा के हरभजन सिंह की ट्यूबवेल कनेक्शन संबंधी और इस्माईलाबाद के सतपाल की सोलर पैनल से जुड़ी शिकायत आई।
अधीक्षक अभियंता मदन गोपाल जिंदल ने कहा कि विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सूझबूझ भरी कार्यशैली से उपभोक्ताओं की परेशानी का समय रहते निदान कर दिया जाता है। अधिकांश समस्याएं ऑनलाइन माध्यम से मिलने पर तुरंत प्रभाव से दुरुस्त कराने के प्रयास शुरू कर दिए जाते हैं। आमजन की शिकायतों की सम्मानपूर्वक सुनवाई करके एसडीओ, जेई समेत अन्य विशेषज्ञ कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी का निष्ठापूर्वक निर्वहन कर रहे हैं। फिर भी यदि कोई दिक्कत लगे तो निगम के सर्कल कार्यालय के दरवाजे जिलावासियों के लिए खुले हैं। मुख्यालय के निर्देश पर प्रत्येक मंगलवार को इसी सेवा के उद्देश्य से खुला दरबार लगाते हैं।