अंबाला सिटी। बिजली निगम ने जनवरी माह के अंत तक रिकवरी को लेकर शिकंजा कस दिया। अंबाला शहर डिवीजन से ही बकाया 27 करोड़ की रिकवरी की गई। यह रिकवरी 50 हजार से ऊपर की रकम वाले उपभोक्ता से की गई। अब निगम 10 हजार से लेकर 50 हजार तक बकाया बिजली बिल वाले उपभोक्ता पर शिकंजा कसेगा। इन डिफाल्टर उपभोक्ताओं से रिकवरी की जाएगी। निगम ने इसके लिए सूची तैयार कर ली है। इस सूची में घरेलू, वाणिज्यिक श्रेणी के उपभोक्ता शामिल हैं।
-
15 हजार डिफाल्टर उपभोक्ता से की गई रिकवरी
अंबाला शहर डिवीजन में बिजली निगम के 31 हजार डिफाल्टर उपभोक्ता में से 15 हजार उपभोक्ता ने बिजली निगम का बकाया बिल का पैसा जमा करवा दिया है। निगम ने कुल 40 करोड़ में से 27 करोड़ की रिकवरी कर ली है, जबकि 13 करोड़ अभी भी बकाया है। अभी 16 हजार डिफाल्टर उपभोक्ता रह गए हैं। इन उपभोक्ता से रिकवरी के लिए निगम अभियान चलाएगा। इन डिफाल्टर उपभोक्ता में 10 से लेकर 50 हजार रकम के उपभोक्ता शामिल हैं।
नए ट्रांसफार्मर लगाने के साथ पुराने की बढ़ेगी क्षमता, एस्टीमेट तैयार
शहर डिवीजन में 236 ट्रांसफार्मर में से 136 नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे, जबकि करीब 100 पुराने ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाई जाएगी। इन ट्रांसफार्मर की क्षमता दोगुनी की जाएगी। इनमें से ज्यादा ट्रांसफार्मर को लेकर एस्टीमेट तैयार हो चुके हैं। फरवरी माह में सभी ट्रांसफार्मर को लेकर एस्टीमेट पूरे किए जाएंगे। इसके बाद नए ट्रांसफार्मर लगाने के साथ पुराने ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाई जाएगी।
अभियान चलाकर निगम ने हटवाई बिजली कुंडी
बिजली निगम ईस्ट सब डिवीजन टीम ने शहर के डेहा कॉलोनी में बिजली चोरी रोकने के लिए अभियान चलाया। टीम ने खंभों पर कई जगहों से लगाई गई कुंडी को भी हटवाया। इस टीम में उप मंडल अधिकारी व जेई की टीम शामिल रही।
बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता सुखबीर सिंह ने बताया कि डेहा काॅलोनी में लोगों से कहा गया है कि जिनके पास बिजली कनेक्शन नहीं हैं, उनको कनेक्शन दिया जाएगा। निगम की ओर से बिजली चोरी रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। कुंडी से बिजली चोरी नहीं होने दी जाएगी। इसी तरह शहर व ग्रामीण क्षेत्र में भी बिजली चोरी रोकने के लिए अभियान चलाया जाएगा।