अंबाला छावनी के बोह गांव में मोबाइल कनेक्टेड ईसीजी मशीन के उद्धाटन पर मौजूद पार्षद व डाक्टर। प्
- फोटो : Archive
आधुनिक तकनीक से अब कुछ मिनटों में मोबाइल पर मिलेगी रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। बोह गांव के प्राइमरी हेल्थ सेंटर में आधुनिक ईसीजी मशीन का शुभारंभ बुधवार को किया गया। नई तकनीक से लैस इस मशीन के लगने से ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को राहत मिलेगी और दिल से जुड़ी समस्याओं का समय पर पता लगाया जा सकेगा।
यह मशीन एक मोबाइल टैबलेट से जुड़ी है। इसके जरिए मरीज की ईसीजी रिपोर्ट कुछ ही मिनटों में सीधे डॉक्टर और मरीज के मोबाइल फोन पर पहुंच जाती है। इस उन्नत तकनीक से आपातकालीन स्थिति में कीमती समय बर्बाद नहीं होता और मरीज को तुरंत प्राथमिक उपचार व सही इलाज मिलना सुनिश्चित हो जाता है।
-
निशुल्क सुविधा
खास बात यह है कि सरकार की ओर से यह अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधा पूरी तरह निशुल्क है। इससे ग्रामीण इलाकों के लोगों को बड़े अस्पतालों के चक्कर काटने से मुक्ति मिलेगी और समय पर सही इलाज मिल सकेगा। इस कार्य को सफल बनाने में डेंटल सर्जन डॉ. दीपक शर्मा, एमओ डॉ. दामिनी और अस्पताल के स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही। ग्रामीणों ने इस पहल पर मंत्री अनिल विज और पार्षद मोहित कौशिक का आभार व्यक्त किया है।