अंबाला। नगर परिषद के चुनावों को लेकर मतदाता सूचियों का मसौदा तैयार हो गया है। इसके तहत 32 वार्डों में 155 बूथ बनाए गए हैं। इन बूथों पर मतगणना करवाई जाएगी। हालांकि अभी सरकार ने चुनावों की तारीख घोषित नहीं की है। अब मतदाता सूचियों में संशोधन की प्रक्रिया आरंभ की जाएगी।
प्राप्त शिकायतों के आधार पर मतदाता सूची में संशोधन होगा। जिस भी वार्ड से संबंधित शिकायत प्राप्त होगी। उसका पहले आंकलन किया जाएगा। इसमें नई वोट बनाने, मृतक की वोट काटने सहित अन्य कार्य किए जाएंगे। प्राप्त शिकायतों पर अंतिम फैसला उपायुक्त अंबाला यानी जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा लिया जाएगा।
अंबाला छावनी नगर परिषद में बुधवार को 32 वार्ड की मतदाता सूचियां पहुंच गई थी। अब इन्हें आगामी कार्यवाही के लिए संबंधित बीएलओ को सौंपा जाएगा जोकि अपने क्षेत्र में जाकर नए मतदाताओं और मृतकों की जानकारी जुटाएंगे। इसके अलावा अगर किसी व्यक्ति ने मतदाता सूची में कोई संशोधन करवाना है तो उसे भी लिखित में शिकायत देनी होगी।
वार्ड बंदी के तहत नगर परिषद की ओर से जुटाए गए आंकड़ों के आधार पर एक से लेकर 32 वार्ड में मतदाताओं की संख्या एक लाख 75 हजार 321 है। इसमें एससी श्रेणी से संबंधित 67 हजार 581 मतदाता और बीसी श्रेणी से संबंधित 46 हजार 166 मतदाता हैं।