बिंजलपुर की रहने वाली युवती ने अपने ससुराल पक्ष के छह लोगों पर दहेज प्रताड़ना, जान से मारने की धमकी, बच्चों को नाजायज बताने व पति पर अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने के आरोप लगाते हुए गृहमंत्री अनिल विज को शिकायत दी है। गृहमंत्री के निर्देशानुसार पुलिस ने युवती के पति, ससुर, सास, ननद, देवर व ननदोई के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शिकायतकर्ता युवती ने बताया कि उसकी शादी 11 दिसंबर 2010 को विकास कुमार निवासी तंदवाल के साथ हुई थी। विवाह के बाद से ही उसे ताने मारते हुए मारपीट की जा रही थी। कई बार लिखित समझौते भी हुए, लेकिन इसके बाद भी ससुराल पक्ष का उत्पीड़न कम नहीं हुआ। पहले इस संबंध में थाने में शिकायत दी गई, लेकिन जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो मामले की शिकायत गृहमंत्री अनिल विज से की गई। अब तंदवाल के रहने वाले आरोपी पति विकास, ससुर रामकरण, सास सुदेश, ननद समता, देवर संघर्ष व ननदोई निवासी ससौली यमुनानगर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी है।