डोर टू डोर कूड़ा उठान का कार्य करते सफाई कर्मी।
नारायणगढ़। 21 दिन बाद नगरपालिका सचिव व मुख्य सफाई निरीक्षक के आश्वासन के बाद नारायणगढ़ में डोर टू डोर कूड़ा उठाने का काम शुरू हो गया। इस दौरान डोर टू डोर सफाई कर्मचारी यूनियन के नेता सतीश रसौर, दर्शन लाल, आदर्श और संदीप कुमार ने बताया कि कर्मचारी टेंडर खत्म होने के बाद से ही लगातार प्रशासन से जनहित में काम की मांग कर रहे थे।
वहीं, कर्मचारी नेताओं ने कहा कि उन्हें काम करने के बाद वेतन के लिए दर दर भटकना पड़ता है। पहले ही ठेकेदार ने 62 दिनों का वेतन नहीं दिया है। इसके साथ ही साल 2023 में भी नगरपालिका चेयरपर्सन के आश्वासन पर किए 70 दिन काम का वेतन अभी तक पेंडिंग है।
नगरपालिका सचिव व सफाई निरीक्षक ने ठेकेदार को बुलाकर निर्देश दिए कि 62 दिन में से अक्टूबर व नवंबर महीने के 44 दिन का वेतन 16 जनवरी तक कर्मचारियों के खाता में डाला जाए। शेष बचे 18 दिन का वेतन ठेकेदार के दिसंबर महीने के बिल से करवाने की जिम्मेदारी नगरपालिका प्रशासन ने ली।
इसके साथ ही सफाई कर्मचारी यूनियन नारायणगढ़ के प्रधान सागर ने बताया कि अधिकारियों की ओर से यह आश्वासन दिया गया है कि उनके वेतन का बकाया उन्हें शीघ्र दिया जायेगा तथा उनके कार्यकाल की अवधि भी बढ़ा दी जाएगी। प्रधान के अनुसार अधिकारियों के इस आश्वासन पर डाूेर टू डोर कूड़ा एकत्रित करने वाले कर्मचारियों ने वीरवार से कार्य शुरू कर दिया। संवाद