संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। छावनी के उपमंडल भवन स्थित सेंट्रल स्टेट लाइब्रेरी में पिछले 12 दिनों से वाटर कूलर में गंदा और दूषित पानी आ रहा है। इस दूषित पानी को पीने से कई छात्रों के गले और पेट में दर्द की शिकायत हो गई हैं। कॉलेज स्टाफ से बार-बार गुहार लगाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने पर लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र पैदल ही हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज के आवास पर शिकायत लेकर पहुंचे।
छात्रों की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए परिवहन मंत्री अनिल विज ने तुरंत अंबाला छावनी की एसडीएम कनिका गोयल को फोन मिलाकर स्थिति से अवगत कराया और प्राथमिकता के आधार पर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। मंत्री से मुलाकात के बाद छात्र एसडीएम कार्यालय पहुंचे, जहां एसडीएम ने तुरंत आचार्य रघुवीर राजकीय पीजी कॉलेज के प्राचार्य देसराज वाजवा से बातचीत की और कार्रवाई के निर्देश दिए।
टंकियों के ढक्कन गायब, जमा थी रेत
कालेज की ओर से कर्मचारियों को उपमंडल भवन की छत पर रखी पानी की टंकियों की सफाई के लिए भेजा गया। जांच के दौरान उपमंडल भवन की छत पर छात्र और छात्राओं की लाइब्रेरी के लिए रखी कुल आठ पानी की टंकियों के ढक्कन गायब मिले और उनमें रेत जमा पाई गई।
सरकारी नौकरियों की तैयारी के लिए सेंट्रल स्टेट लाइब्रेरी में आते हैं युवा
सेंट्रल स्टेट लाइब्रेरी में प्रतिदिन कई युवा सरकारी नौकरियों की तैयारी के लिए आते हैं। छात्रों ने बताया कि वाटर कूलर से बदबूदार और गंदा पानी आने के कारण उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरी में कोई छात्र घर से पानी की बोतलें ला रहा है, तो कोई भवन में अन्य स्थानों से पानी भर रहा है। वहीं कई छात्र बाहर दुकानों से पानी की बोतलें खरीदने को मजबूर हैं। छात्रों ने कहा कि वह इस संबंध में पहले भी कई बार स्थानीय कॉलेज स्टाफ से मिले थे, लेकिन किसी ने उनकी सुध नहीं ली।
कर्मचारियों को टंकियों की सफाई के लिए भेज दिया गया है। जो टंकियां बाकी रह गई हैं, उन्हें कल तक पूरी तरह साफ करवाकर स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
देसराज बाजवा, प्राचार्य, आचार्य रघुवीर पीजी कॉलेज, अंबाला छावनी।
पानी की समस्या को लेकर परिवहन मंत्री अनिल विज के अवास पर जाते छात्र। संवाद