संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। बोर्ड क्षेत्र के वार्ड-8 के विभिन्न मार्गों पर सड़कों की मरम्मत, इंटरलॉकिंग टाइलों के प्रावधान और फुटपाथों के सौंदर्यीकरण व सुधार का कार्य किया जाएगा। इस पर लगभग 1.27 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। बोर्ड ने ई-निविदाएं जारी कर दी हैं।
रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत आने वाले कैंटोनमेंट बोर्ड अंबाला की ओर से आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है। मुख्य अधिशासी अधिकारी के हस्ताक्षर से जारी इस ई-निविदा के तहत कुल तीन प्रमुख कार्य कराए जाने हैं। निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 30 अक्तूबर निर्धारित की गई है। वहीं, तकनीकी बोली खुलने की तिथि 31 अक्तूबर होगी। ई-निविदा से जुड़ी विस्तृत नियम, शर्तें और अन्य जानकारियों के लिए ठेकेदार और इच्छुक आवेदक आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं या कैंटोनमेंट बोर्ड अंबाला के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
-
बोह रोड और आरएचए क्षेत्र में होंगे कार्य
बोर्ड क्षेत्र के बोह रोड के साथ-साथ आरएचए बाजार और आरएचए परेड आदि क्षेत्रों में इंटरलॉकिंग टाइलों का प्रावधान और रिलेइंग का कार्य होगा। इस कार्य की अनुमानित लागत लगभग 46.32 लाख रुपये तय की गई है। इसी प्रकार दो प्रमुख मार्गों के फुटपाथों की मरम्मत होगी।
इसके तहत दयानंद मार्ग, गुरु नानक मार्ग और रवीन्द्रनाथ टैगोर मार्ग सहित अन्य संपर्क मार्गों के साथ बने फुटपाथों की मरम्मत और सुधार कार्य होगा। इस पर 39.52 लाख रुपये खर्च होंगे। वहीं, जीसस मार्ग और एमजी रोड का विस्तार किया जाएगा। इसके तहत छावनी के जीसस मार्ग, महारानी दुर्गावती मार्ग और महात्मा गांधी मार्ग इत्यादि के साथ लगते फुटपाथों का विस्तार, मरम्मत और आधुनिकीकरण किया जाएगा। इस पर लगभग 40.93 लाख रुपये की लागत आने का अनुमान है।
-
बोर्ड क्षेत्र को साफ व स्वच्छ सहित सुविधापूर्ण रखने के लिए विकास कार्याें की निविदाएं जारी की गई हैं, ताकि निवासियों की परेशानी का समाधान हो सके।
- राहुल आनंद शर्मा, सीईओ, कैंटोनमेंट बोर्ड अंबाला।