अंबाला शहर। गांव ललाना निवासी 22 वर्षीय दिलबर उर्फ बबला ने मंगलवार को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव गांव मर्दोसाहिब में पुल के किनारे पेड़ पर रस्सी से लटका हुआ था। पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक की पहचान दिलबर के रूप में हुई।
पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। गांव ललाना के सरपंच खुशपाल सिंह ने बताया कि उन्हें मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे गांव बिचपड़ी के चरणपाल ने इसकी सूचना दी। उन्होंने बताया कि दिलबर नशे का आदी था। वह मानसिक रुप से परेशान था। नागरिक अस्पताल पहुंचे चाचा सतपाल सिंह ने बताया कि दिलबर के पास दो वर्ष का बेटा है। उसके बड़े भाई की पांच साल पहले सांप डसने से मौत हो गई थी। पिता की बीमारी के चलते कई वर्ष पहले मौत हो गई थी। उसकी माता आंगनबाड़ी में हेल्पर हैं व बड़ी बहन भी शादीशुदा है। पुलिस ने मृतक दिलबर की माता प्रेमो देवी के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की। संवाद