अंबाला सिटी। प्राचीन समय में ज्यादातर लोग पीतल व तांबे से बने बर्तनों की खरीदारी किया करते थे, मगर बदलते आधुनिक युग में लोग पीतल तांबे को छोड़कर स्टील नॉन स्टिक व विभिन्न प्रकार की कोटेड बर्तनों की खरीदारी करने लगे थे। जिस वजह से बीते पांच दशकों में यह पुरानी परंपरा कहीं न कहीं लुप्त होती चली गई, लेकिन इस बार पीतल व तांबे से बने बर्तनों की खरीदारी करने का क्रेज दोबारा से मार्केट में छा रहा है।
स्थानीय दुकानदारों की मानें तो इस बार ज्यादातर लोग पीतल व गोल्ड कोटेड बर्तनों की खरीदारी ज्यादा कर रहे हैं, जिसमें डिनर सेट, थाली-चम्मच, गिलास, कटोरी व कुक्कर आदि बिक रहे हैं। इसी प्रकार पीतल में पूजा के थाल, गिलास प्लेट सहित तकरीबन सभी प्रकार के बर्तन मार्केट में उपलब्ध हैं, वहीं तांबे में हांडी, कैंपर, गिलास सेट, कटोरी व कांशी के बर्तन जिन्हें ब्रॉस भी कहा जाता है। उस वैरायटी में भी प्लेट गिलास, कटोरी सेट, पानी का लौटा आदि की खरीदारी ग्राहक जमकर कर रहे हैं।
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि पीतल से बने बर्तनों की बहुत ही सुंदर डिजायनों की वैरायटी जोकि 750 रुपये प्रति किलोग्राम से शुरू होकर 1500 रुपये तक के ब्रांडेड बर्तन मार्केट में बिक रहे हैं। इसी प्रकार स्टील के बर्तन 200 रुपये प्रति किलोग्राम से 1200 रुपये तक, तांबे से बने बर्तन 1200 से 1500 तक, एल्यूमिनियम के बर्तन 280 से 600 रुपये प्रति किलोग्राम की दरों से बेचे जा रहे हैं। जोकि ग्राहकों की पहली पसंद बने हुए हैं।
दुकानदारों ने यह भी बताया कि इस बार धनतेरस से करीब 10 दिनों पहले से ग्राहक मार्केट में खरीदारी करने के लिए पहुंच गए थे। जिससे मार्केट में काफी रौनक लगी हुई है। इस बार बर्तन बाजार में कामकाज काफी अच्छा जा रहा है, जबकि धनतेरस में अभी काफी दिन शेष हैं। संवाद
पीतल के बर्तन पर ग्राहकों का रुझान
अंबाला सिटी के कोतवाली सराय बाजार के बर्तन विक्रेता विनीत जैन ने बताया कि इस बार ज्यादातर ग्राहक पीतल से बने बर्तनों की खरीदारी कर रहे हैं, जबकि पीतल के बर्तनों का क्रेज बीत पांच दशकों में धीरे-धीरे लुप्त हो गया था, लेकिन ग्राहकों का रुझान इस बार पीतल के बर्तनों पर ज्यादा दिखाई दे रहा है।
ग्राहक कर रहे खुलकर खरीदारी
अंबाला सिटी के सर्राफा बाजार में बर्तन का कारोबार करने वाले नितिन जैन ने बताया कि बीते 10 दिनों से ग्राहक मार्केट में बर्तनों की खरीदारी करने के लिए पहुंच रहे हैं, इस त्योहारी सीजन में गोल्ड कोटेड बर्तनों की खरीदारी कुछ ज्यादा की जा रही है। जिसमें डिनर सेट, कुक्कर, गिलास, कटोरी सेट व चम्मच आदि की खरीदारी ग्राहक खुलकर कर रहे हैं।
इस बार पसंद में आया बदलाव
अंबाला सिटी के रेलवे रोड के स्थानीय दुकानदार अमित सखूजा ने बताया कि समय के साथ बर्तन की खरीददारी करने वालों की पसंद में भी बदलाव आया है। इस बार फिर पीतल गोल्ड कोटेड, पीतल के बर्तनों सहित तांबे से बनी हांडी, कैंपर, गिलास, लौटा, कटोरी सेट, वहीं कांसी के बर्तनों की खरीदारी भी जमकर की जा रही है।