बीते दिनों गांव बधौली में पनपा घुड़चढ़ी विवाद का सशर्त पटाक्षेप हो गया। निर्णय लिया गया है कि गांव में लड़के की शादी में घुड़चढ़ी की रस्म नहीं होगी, जबकि यदि नियम तोड़ा गया, तो पचास हजार रुपये का जुर्माना होगा। यह भी तय हुआ है कि बेटी की शादी में यह फैसला लागू नहीं होगा। बारात के लिए डीजे और घोड़ी पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा। नारायणगढ़ थाने में दोनों पक्षों के साथ-साथ गांव के अन्य समुदायों के लोग भी शामिल हुए, जिसमें सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है।
यह था विवाद
गांव बधौली में बीती 6 मार्च को पूर्व सरपंच बलदेव सिंह के बेटे रवि की शादी में घुड़चढ़ी की रस्म थी। इस दौरान दूल्हे को घुड़चढ़ी के दौरान रथ से नीचे उतार दिया था। इसी को लेकर बात बिगड़ गई और दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। बाद में यह विवाद नारायणगढ़ थाने में भी पहुंचा, जहां पर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर मामला दर्ज करवा दिया। इसी को लेकर बीते दिनों बैठक भी हुई, जिसमें कोई ठोस नतीजा नहीं निकल पाया।
थाने में हुई बैठक में लिया निर्णय
इस मामले के निपटारे के लिए शुक्रवार को नारायणगढ़ थाने में दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई। इसके अलावा गांव के अन्य समुदाय के मौजिज लोग भी शामिल हुए। इसी बैठक में वे लोग भी शामिल थे, जिन पर इसी मामले में शरारत करने का आरोप था। इस दौरान इन लोगों ने अपनी गलती मान ली और पूर्व सरपंच ने भी उन्हें माफ कर मामला वापस ले लिया।
गांव में लड़के की शादी में नहीं होगी घुड़चढ़ी
इस बैठक के दौरान सभी ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि गांव में लड़के की शादी में अब घुड़चढ़ी रस्म नहीं निभाई जाएगी। इसी पर सभी पक्षों ने अपनी सहमति दे दी। साथ ही यह भी तय किया गया कि यदि कोई यह नियम तोड़ता है, उस पर पचास हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही तय हुआ कि शादी में न तो दूल्हा घोड़ी पर बैठेगा और न ही शादी में डीजे बजाया जाएगा। गांव के सभी लोग अपनी संस्कृति व संस्कारों के अनुसार धार्मिक स्थलों पर जाकर पूजा अर्चना कर सकेंगे। यदि गांव का कोई भी व्यक्ति इस फैसले की अवहेलना करेगा तो उसे 50 हजार रुपये का जुर्माना पंचायत को देना होगा। खास है कि बेटी की शादी में यह निर्णय लागू नहीं होगा। बारात के लिए डीजे और घोड़ी पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा।
शादी में नहीं बजेगा डीजे
गांव में यह पहले ही तय था कि शादी में डीजे नहीं बजाया जाएगा। बीते दिनों हुए घुड़चढ़ी विवाद के बाद सभी ने सहमति से यह तय किया है कि लड़के की शादी में न तो डीजे बजाया जाएगा और न ही घुड़चढ़ी की रस्म होगी। फैसले की अनदेखी करने वाले पर पचास हजार रुपये जुर्माना किया जाएगा। बेटी की शादी में यह फैसला लागू नहीं होगा। इस फैसले को लेकर पंचायत ने रेजुलेशन डाल दिया है।
- ललिता देवी, सरपंच गांव बधौली
सभी समुदाय की सहमति से हुआ फैसला
शादी में घुड़चढ़ी की रस्म न करने और डीजे न बजाने का फैसला गांव के सभी समुदाय के लोगों की सहमति से हुआ है। इसी को लेकर थाने में बैठक हुई थी, जिसमें बीते दिनों हुए विवाद का भी निपटारा हो गया है।
- कमलदीप सिंह एसएचओ नारायणगढ़