अंबाला में गृहमंत्री की एस्कॉर्ट में तैनात उपनिरीक्षक अमनप्रीत सिंह को फोन पर आस्ट्रेलिया से गाली गलौज व सुपारी देकर जान से मारने व मरवाने की धमकी देने के मामले में पड़ाव पुलिस ने आरोपी लाली व कुलवंत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
अमनप्रीत सिंह ने बताया कि वह गांव हिम्मतपुरा जिला फतेहाबाद का निवासी है। वह हरियाणा पुलिस की कमांडो यूनिट में बतौर उपनिरीक्षक है। इस समय वह एस्कॉर्ट ड्यूटी पर गृहमंत्री हरियाणा के पास है तथा कैंट में ही ड्यूटी पर रहता है। उसका एक रिस्तेदार कुलदीप सिंह उर्फ सोनू निवासी गांव बडरुखां जिला संगरुर ऑस्ट्रेलिया गया हुआ है।
उसकी शादी नवदीप कौर निवासी ओघड जिला मोगा से करीब नौ साल पहले हुई थी। उसके पास एक छह साल का बच्चा है। जिसे सोनू की पत्नी नवदीप कौर ने करीब छह साल पहले अपने भाई लाली को ऑस्ट्रेलिया अपने पास बुला लिया था। पिछले कुछ समय से उसके रिस्तेदार सोनू की अपनी पत्नी से अनबन हो गई।
इस कारण उसकी पत्नी उससे अलग होकर अपने भाई के साथ रहने लग गई और बच्चे को भी अपने साथ ले गई। इसी बीच सोनू के पिता के बीमार होने पर सोनू ने अपने पिता को अपने पास बुला लिया। वह दोनों पिता-पुत्र अकेले रह रहे है।
दोनों पति पत्नी का विवाद निपटाने के लिए शिकायतकर्ता ने चार जनवरी 2023 को नवदीप कौर के गांव में पंचायत करवाई थी। इसके कारण नवदीप कौर व उसका भाई लाली अमनप्रीत के साथ रंजिश रखने लगा। उसने बताया कि उसके संबंध कई खाडकुओं (आतंकियों) से हैं जो वह उसे सुपारी देकर जान से मरवा देगा।
उसे शक है कि लाली ऑस्ट्रेलिया में बैठा अपने मामा कुलवंत सिंह के माध्यम से उस पर व परिवार पर कभी भी जानलेवा हमला करवा सकता है जिसकी कई रिकार्डिंग उसके पास हैं। पीड़ित के अनुसार खेतों में अकेले माता व पत्नी बच्चों सहित रहते है।