स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) अंबाला यूनिट ने रूस में बैठकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहे कुख्यात गैंगस्टर सचिन की पत्नी और गैंग की सक्रिय सदस्य ममता रानी को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला गैंग को वित्तीय मदद और लॉजिस्टिक सहायता मुहैया करा रही थी। डीएसपी अमन के अनुसार एसटीएफ अंबाला ने 15 मार्च को यमुनानगर के थाना छप्पर में संगठित अपराध धारा 111 और आर्म्स अमेंडमेंट एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी।
इस कार्रवाई के दौरान गैंग के कुछ सदस्यों को भारी मात्रा में अवैध हथियारों के साथ दबोचा गया था। पूछताछ में खुलासा हुआ था कि यह गैंग यमुनानगर के एक कार सेल-परचेज व्यवसायी की हत्या करने की फिराक में था। इसी साजिश की कड़ियों को जोड़ते हुए जांच टीम सीधे गैंगस्टर सचिन की पत्नी ममता रानी तक पहुंची, जो करनाल के गांव धनौरा की रहने वाली है।
रूस से नेटवर्क चला रहा है पति, पत्नी संभाल रही थी फंडिंग
जांच में सामने आया है कि ममता रानी का पति गैंगस्टर सचिन लंबे समय से रूस में छिपा हुआ है। वह विदेश में बैठकर ही भारत में अपने शूटरों और गुर्गों को ऑपरेट करता है। गैंग की रंगदारी और अन्य आपराधिक गतिविधियों से आने वाले पैसे का प्रबंधन और लॉजिस्टिक सपोर्ट भारत में ममता रानी ही देख रही थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद कानूनी शिकंजे से बचने के लिए ममता रानी भी विदेश भाग गई थी, जिसे एसटीएफ ने पुख्ता सूचना और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर दबोच लिया।