मणप्पुरम गोल्ड लोन फाइनेंस की शाखा में लूट के प्रयास में दो को काबू किया गया है। आरोपी बिहार के मोस्टवांटेड निकले। आरोपियों से पिस्टल, दो मैगजीन, सात कारतूस और एक बिहार नंबर की गाड़ी बरामद हुई।
हरियाणा के अंबाला छावनी अम्बा मार्केट के निकट मणप्पपुरम गोल्ड लोन फाइनेंस की शाखा में चार अगस्त को हुए लूट के प्रयास मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीआईए-1 की टीम ने इस मामले में दो आरोपियों को काबू किया है, जिनकी पहचान बिहार के भरपुरा गांव सहारन निवासी रोहित और अनु के रूप में हुई है। चार दिन पहले धरे गए आरोपियों से रिमांड पर पूछताछ के दौरान पुलिस ने पिस्टल, दो मैगजीन और सात कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा बिहार नंबर की एक गाड़ी मिली है।
विज्ञापन
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों बिहार के टॉप-10 मोस्ट वांटेड अपराधियों में शामिल हैं और बिहार के सुबोध सिंह गैंग के मुख्य सदस्य हैं। रिकवरी करने के बाद आरोपियों को शुक्रवार को जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक अंबाला जशनदीप सिंह रंधावा ने इस संबंध में पत्रकारवार्ता के दौरान जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि आरोपी रोहित और अनु बिहार के सुबोध सिंह गैंग के सक्रिय सदस्य हैं, जो ज्यादातर जेवरातों की लूटपाट करते हैं। यमुनानगर, देहरादून में भी लूट की वारदातों को आरोपी अंजाम दे चुके हैं। इसके अलावा पश्चिम बंगाल में 29 अगस्त को डकैती की वारदात को भी अंजाम दिया था। इसमें बदमाशों ने साढ़े चार किलो सोना लूटा था।
विज्ञापन
दोनों आरोपियों पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं। रोहित पर साल 2021 में बिहार के पटना में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज है, जबकि अनु के खिलाफ साल 2019 में गोली मारकर पिकअप लूटने, साल 2019 में ही मोबाइल की छीनाझपटी का मामला दर्ज है। आरोपियों ने यमुनानगर में भी लूटपाट की वारदात को अंजाम देने की कोशिश की थी, जबकि देहरादून में ज्वैलरी के शोरूम में भी लूटपाट की थी।
यह था पूरा मामला
तीन अगस्त को छावनी की अम्बा मार्केट के पास मणप्पुरम गोल्ड लोन फाइनेंस की शाखा में लूट का प्रयास हुआ था। सुबह 8 बजकर 53 मिनट पर जैसे ही दो कर्मचारियों ने शाखा का शटर खोला तो पहले से घात लगाए बैठे हथियारों से लैस चार नकाबपोश बदमाश बैंक में घुस गए थे। बदमाशों ने एक कर्मचारी की कनपटी पर रिवाल्वर रखकर अलॉर्म न बजाने के लिए धमकाया था। इस बीच एक बदमाश बैंक में स्टाफ के बैठने वाली जगह यानी लॉकर की साइड चला गया था। इतने में छेड़छाड़ करने पर जैसे ही अलॉर्म बजा तो बदमाश मौके से फरार हो गए। गनीमत यह थी कि उस समय शाखा में रखा करीब तीन करोड़ का सोना और तीन लाख रुपये की नगदी बच गई थी।