अंबाला कैंट। उधार दिए दो लाख रुपये मोबाइल शॉप संचालक ने वापस मांगे तो मध्य रात्रि उसकी दुकान के आगे खड़ी आई-20 कार पर युवकों ने फायर कर दिया। फायर से कार का शीश टूट गया। इससे पहले बीती रात दोनों पक्षों में जमकर बहस भी हुई थी। सुबह गाड़ी के टूटे शीशे देख मामले की जानकारी दुकान मालिक ने कैंट थाना पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस छानबीन में जुट गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। वहीं तेली मंडी में गोली चलने से क्षेत्र में दहशत है। बता दें की दो अप्रैल को भी तेली मंडी में जमानत पर छूटे अरुण उर्फ गोलू की रात्रि गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। हालांकि यह मामला इस घटना से जुड़ा नहीं है, मगर गोली चलते ही लोगों ने सोचा की वारदात का बदला लेने के लिए फिर से फायरिंग हुई है।
रामबाग रोड पर रात्रि हुआ था झगड़ा
तेली मंडी में आउटर रोड पर 35 वर्षीय मनीष की युगम टेलीकॉम के नाम से मोबाइल शॉप है जिसके आगे खड़ी कार पर मध्य रात्रि गोली चलाई गई। मनीष व उसके दोस्त विक्की और अमित का बीती रात रामबाग रोड पर सुमित उर्फ चिल्ली, मनीष, वालिया उर्फ सरवजीत व बुग्गी नामक युवक से झगड़ा हुआ था। पुलिस को दी शिकायत में मनीष व विक्की ने बताया कि करीब छह माह पहले सुमित, मनीष, वालिया व बुग्गी आदि ने उनसे पैसों की मांग की थी। बताया गया कि उनके जानकार के पिता की तबीयत खराब है जिन्हें पीजीआई में इलाज के लिए दो लाख रुपये की जरूरत है। इसपर उन्होंने दो लाख रुपये दे दिए। मनीष व विक्की ने बताया कि मगर यह राशि आरोपियों ने इलाज पर नहीं लगाई और खर्च कर दी। इसके बाद कई बार उन्होंने यह राशि वापस मांगी मगर पैसे नहीं लौटाए गए। उन्होंने बताया कि बीती रात मनीष ने फिर पैसे मांगे, मगर आरोपियों ने उन्हें पहले एकता विहार बुलाया जिसपर वह नहीं गए। बाद में रात करीब 11 बजे रामबाग रोड पर बुलाया गया तो वह बातचीत करने चले गए। यहां पर आरोपियों ने पैसे नहीं दिए और पैसे मांगने पर बहस भी की। इसके बाद मनीष तेली मंडी स्थित अपने घर आकर सो गया।
सुबह गोली चलने की जानकारी मिली
मनीष ने बताया सुबह लोगों ने दुकान के पीछे स्थित घर पर बताया कि उसकी आई-20 गाड़ी का शीशा टूटा हुआ है जोकि उसकी मोबाइल शॉप के आगे खड़ी थी। इसके बाद उन्होंने जब चेक किया तो पास एक खोल भी मिला और गोली दरवाजे में फंसी मिली। मामले की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई जिसके बाद पुलिस ने मौके पर छानबीन की। इसी बीच दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए तो पाया गया कि मध्य रात्रि करीब दो बजे एक नकाबपोश कार के पास आया और ड्राइविंग सीट पर आकर उसने कार पर फायर किया था। इससे कार का शीशा टूट गया। उनका आरोप है कि झगड़े के बाद ही उसकी कार पर फायर किया गया जिसमें सुमित उर्फ चिल्ली, मनीष, सर्वजीत वालिया व बुग्गी का हाथ है। वहीं पुलिस ने मामले में छानबीन शुरू कर दी है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने आरोपियों के घरों में छापेमारी की, मगर वह घर से फरार मिले।
तेली मंडी में अब भी तनाव
तेली मंडी में फिर से गोली चलने पर क्षेत्र में तनाव की स्थिति है। अभी दो अप्रैल को ही अरुण उर्फ गोली की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब फिर महज एक चौक दूरी पर मोबाइल शॉप के समक्ष गोली चली। क्षेत्र में दूसरी बार गोली चलने से कयास लगाए जा रहे थे कि अरुण की हत्या को लेकर अब फिर गोली चली है, मगर बाद में स्थिति साफ हो सकी।
कोट्स
पुलिस मामले में छानबीन कर रही है। मनीष द्वारा जो आरोप लगाए गए हैं उनकी पड़ताल की जा रही है। आरोपियों को भी गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।
सतीश कुमार, एसएचओ, कैंट थाना।
---------------------------