फाइनेंसर को घर से बुला मांगे दो लाख, नहीं दिए तो किया फायर, फिर सोने की चेन छीनकर हुए फरार
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। पहले हमलावरों ने प्लान बनाकर फाइनेंसर को घर से बाहर बुलाया। फिर उसे बोलेरो गाड़ी में बैठाकर ले गए। बीच रास्ते में उसके सिर पर रिवॉल्वर तान दी और उससे दो लाख रुपये की मांग की। जब फाइनेंसर ने पैसे देने से इंकार कर दिया तो एक आरोपी ने गाड़ी के शीशे पर फायर कर दिया। फाइनेंसर ने बीच-बचाव के लिए रिवॉल्वर पकड़ी तो रिवॉल्वार के बट से उस पर वार कर घायल कर दिया। इसके बाद फाइनेंसर से सोने की चैन, अंगूठी और तीन महंगे मोबाइल छीनकर उसे गाड़ी से फेंककर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस ने वाल्मीकि नगर निवासी फाइनेंसर अमित की शिकायत पर शाहबाद निवासी जाटू, सिटी जगाधरी गेट निवासी हैप्पी और कौलां निवासी अरनव के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अभी किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
---
इस तरह दिया वारदात को अंजाम
शहर वाल्मीकि नगर निवासी अमित ने सिटी थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह फाइनेंसर है। उसने बताया कि रविवार रात करीब ग्यारह बजे उसके मोबाइल पर शहर के निकटवर्ती गांव कौलां निवासी अरनव (पंडित) का फोन आया और पूछा कि कहां पर हो। इसके कुछ ही देर बाद उसके एक अन्य साथी शाहबाद निवासी जाटू का फोन आया और अरनव के साथ होने की बात कहते हुए करीब 10-15 मिनट में उसे बुलाया। मगर आरोपी कुछ देर बाद बोलेरो गाड़ी लेकर उसके घर आ गए। इस बीच एक लड़का नीचे उतरा और कहीं काम जाने की बात कहते हुए उसेे गाड़ी में बिठा लिया। गाड़ी में हैप्पी, अरनव पंडित, जाटू व अन्य चार-पांच लड़के बैठे थे। इसके बाद वह जगाधरी गेट से होते हुए आर्य चौक पर पहुंचे। यहां जाटू ने उससे दो लाख रुपये मंगवाने के लिए कहा। मना करने पर जाटू व अरनव ने अपनी रिवॉल्वर निकालकर उसके सामने लोड की और उसकी कनपटी पर रखकर पैसे मांगे। उसने पैसे देने से इंकार किया तो जाटू ने गाड़ी के शीशे पर गोली चला दी। उसने बताया कि उसने बीच-बचाव के लिए रिवॉल्वर पकड़ी तो अरनव ने अपने हाथ में पकड़ी रिवॉल्वर के बट से तीन-चार वार उसके सिर पर कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद तीन-चार लड़कों ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान हैप्पी ने उसकी सोने की दो चेन, सोने की अंगूठी, तीन महंगे मोबाइल और उसकी गाड़ी की चॉबी छीन ली। इसके बाद आरोपी घायल अवस्था में उसे जीटी रोड पर जग्गी सिटी सेंटर के नजदीक फेंक कर फरार हो गए।
---
राहगीर से फोन मांग दी वारदात की सूचना
अमित ने बताया कि जब आरोपी उसे जग्गी सिटी सेंटर के पास रास्ते में फेंक कर चले गए तो उसके कुछ देर बाद उसने किसी राहगीर से मदद के लिए फोन मांगा और नाहन हाउस निवासी अपने दोस्त ललित को वारदात की सूचना दी। इसके कुछ देर बाद वह मौके पर पहुंचा गया और सिविल अस्पताल में इलाज करवाया।
---
पीड़ित की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- बरयाम सिंह, चौकी इंचार्ज नंबर चार।