अंबाला कैंट। जम्मू हरिद्वार एक्सप्रेस में सोमवार तड़के सेना में कर्नल की पत्नी का चोरों ने पर्स उड़ा दिया। पर्स में तीन लाख रुपये के गहने, पांच हजार रुपये नकदी और मोबाइल था। यही नहीं शिकायत देने के लिए ट्रेन के अंदर दो चक्कर लगाने के बाद भी उन्हें न कोई टीटीई मिला और न ही कोई पुलिसकर्मी। इसके बाद उन्होंने दो बार चेन पुलिंग भी की, लेकिन लोको पायलट ने किसी का भी संपर्क नंबर न होने का हवाला दिया। इसके बाद महिला को अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन उतरना पड़ा और अपनी शिकायत दर्ज करानी पड़ी।
हरिद्वार निवासी सेना में कर्नल की पत्नी दीक्षा शर्मा अपनी बेटी गौरी के साथ तीन दिन पहले अपनी सहेली के बेटे की शादी में जम्मू गई थीं। वापसी में एसी में टिकट न मिलने पर उन्होंने जम्मू-हरिद्वार एक्सप्रेस (14606) में स्लीपर में एस-2 में टिकट लिया। रविवार रात 10.30 बजे जम्मू से ट्रेन चली। ट्रेन करीब दो बजे लुधियाना पहुंचीं तब तक उनके पास पर्स थे। ट्रेन के लुधियाना से निकलने के बाद उनकी झपकी लग गई। करीब चार बजे जब उनकी नींद खुली तो पर्स गायब था। आसपास लोगों से पूछा तो सभी ने कहा कि वे सो रहे थे। इसके बाद वह पूरी ट्रेन में दो चक्कर लगा आईं ताकि कोई टीटीई या पुलिस को शिकायत कर सकें, लेकिन ट्रेन में न जीआरपी के जवान थे और न ही टीटीई। इसके बाद उन्होंने चेन पुलिंग की, तो लोको पायलट ने उन्हें आकर बतायाकि किसी का भी नंबर उनके पास नहीं है। इस संबंध में वह कुछ नहीं कर सकता। इसके बाद दीक्षा अपनी बेटी के साथ अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर उतर गईं। यहां दीक्षा ने जीआरपी को शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर लुधियाना रेफर कर दी।
मोबाइल की सहारनपुर मिल रही थी लोकेशन
अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर शिकायत देने के बाद लुधियाना और हरिद्वार की पुलिस अलर्ट हो गई। इसके बाद मोबाइल सर्विलांस पर लगाया तो मोबाइल की लोकेशन करीब 11 बजे सहारनपुर में मिल रही थी। अधिकारियों ने महिला को आश्वस्त किया कि उनका पर्स जल्द ही बरामद कर लिया जाएगा। हालांकि जिस तरह सोमवार तड़के वारदात के बाद महिला पूरी ट्रेन खंगालती रही, इस बात की पुष्टि कर रहा है कि ट्रेन के अंदर यात्रियों की सुरक्षा में पुलिस नाकाम होती जा रही है।
पहले भी हो चुकी स्नैचिंग और लूट की वारदात
11 मार्च को कालका-शताब्दी के एग्जीक्यूटिव कोच में बैठे आईएएस अधिकारी का मोबाइल छीनने की कोशिश की गई थी। हालांकि अधिकारी की सतर्कता के कारण चोर मोबाइल छीनने में कामयाब नहीं हो सका था। सिर्फ डाटा केबल ही छीनकर फरार हुआ था। वहीं चंडीगढ़-जयपुर ट्रेन के एसी कोच में बैठी महिला का पर्स छीनकर चोर उतरकर फरार हो गए थे। हालांकि सीआईए ने आरोपी को घटना के बाद 15वें धर दबोचा था।
महिला के बयान पर कार्रवाई चल रही है। मोबाइल का लोकेशन सहारनपुर मिल रहा है। इससे पता लगता है कि आरोपी ट्रेन के अंदर ही था। इस ट्रेन में टीटीई व जीआरपी स्कवायड हरिद्वार के थे। लुधियान और हरिद्वार के इंचार्ज से लगातार संपर्क में हैं। जल्द ही आरोपी को काबू कर लिया जाएगा।
- बीएस गिल, स्टेशन डायरेक्टर, अंबाला कैंट
पर्स चोरी के मामले में जीरो एफआईआर दर्ज करके लुधियाना जीआरपी को भेज दी गई है। मामले में अब लुधियाना जीआरपी कार्रवाई कर रही है। वारदात की सूचना के बाद महिला के परिजन अंबाला पहुंचे। इसके वे निजी वाहन से हरिद्वार के लिए रवाना हो गए।
- जीआरपी एसएचओ रामबचन ने बताया कि