हाउसिंग बोर्ड पुलिस द्वारा काबू किए गए आरोपी पिता पुत्र।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के अंबाला में डेहा कॉलोनी में पुलिस की टीम पर हमला करने के मामले में गुरुवार को अंबाला कैंट पुलिस ने आरोपी पूर्व पार्षद राजेश के गोदाम पर छापामारी की। पुलिस के अनुसार गोदाम से 260 ग्राम हेरोइन और नशे की 1500 गोलियां बरामद हुईं। वहीं पुलिस टीम पर हमले के आरोप में बुधवार को गिरफ्तार पूर्व पार्षद और उसके बेटे को रिमांड पर लिया गया है। कोर्ट ने पूर्व पार्षद की पांच दिन और उसके बेटे की एक दिन की रिमांड मंजूर की है।
घटनाक्रम के अनुसार बुधवार को हाउसिंग बोर्ड चौकी इंचार्ज एसआई बलकार सिंह अपनी टीम के साथ डेहा कॉलोनी में एनडीपीएस मामले में एक माह से फरार चल रही महिला गुड्डी को पकड़ने के लिए पहुंचे थे। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी महिला को काबू कर लिया था। तभी अचानक गुड्डी के पति पूर्व पार्षद राजेश सहित परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया।
हमले में चौकी इंचार्ज बलकार, एसआई व दो महिला पुलिस मुलाजिम चोटिल हो गए थे, जबकि आरोपी पूर्व पार्षद राजेश और उसके बेटे को पुलिस ने काबू कर लिया था। मामले में गुरुवार को पुलिस टीम ने पूर्व पार्षद के गोदाम पर छापामारी की, जहां से 260 ग्राम हेरोइन, 1500 नशीली गोलियां बरामद हुईं। नशे की बड़ी खेप मिलने के बाद पुलिस ने अब आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में भी मामला दर्ज किया गया है।
दूसरी ओर मेडिकल करवाने के बाद गुरुवार को पुलिस ने पूर्व पार्षद राजेश और उसके बेटे प्रिंस को कोर्ट में पेश किया, जहां से पूर्व पार्षद का पांच दिन तो बेटे प्रिंस का एक दिन का रिमांड मंजूर हुआ है। रिमांड में पुलिस पता लगाएगी कि आखिर गोदाम से बरामद नशा कहां से आया, किसके माध्यम से आया और कहां-कहां बेचा जाता था।
एनडीपीसी एक्ट मामले में प्रॉपर्टी अटैच करेगी पुलिस
अंबाला कैंट थाने में प्रेसवार्ता के दौरान थाना प्रभारी नरेश ने बताया कि पूर्व पार्षद और उसकी पत्नी गुड्डी नशे के कई मामलों में संलिप्त हैं। पूर्व पार्षद ने प्राथमिक पूछताछ में बताया था कि उसने अपने गोदाम में नशा छिपाकर रखा हुआ है। मामले में अब पूर्व पार्षद की प्रॉपर्टी की छानबीन की जाएगी। साथ ही नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति को एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किया जाएगा।