स्कूल से काटे 44 पेड़, केस दर्ज
राजकीय प्राथमिक पाठशाला फतेहपुर का मामला दर्ज
नारायणगढ़। राजकीय प्राथमिक पाठशाला फतेहपुर-126 (नारायणगढ़) के प्रांगण में खड़े विभिन्न किस्मों के 44 पेड़े काटने के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
बीडीपीओ सुमित बख्शी ने पुलिस को शिकायत दी कि फतेहपुर-126 के प्राइमरी स्कूल प्रांगण में से माया राम निवासी फतेहपुर-126 ने विभिन्न किस्म के 44 पेड़ काट लिए हैं, जिनमें 8 पेड़ नीम, 12 पेड़ पापड़ी, 1 पेड़ शीशम, 3 पेड़ आंवला, 2 पेड़ अर्जन, 4 पेड़ सीरस, 1 पेड़ कीकर, 1 पेड़ शहतुत, 1 पेड़ डैंक, 9 पेड़ जामुन, 2 पेड़ अन्य शामिल हैं। बीडीपीओ के अनुसार गत 27 नवंबर को ग्राम सचिव तथा कार्यवाहक समाज शिक्षा एवं पंचायत अधिकारी एंड नारायणगढ़ द्वारा मौका निरीक्षण किया गया जिसमें स्कूल प्रांगण से उपरोक्त पेड़ कटे पाए गए। गांव के ही मौजिज व्यक्तियों द्वारा बताया गया कि उक्त पेड़ गांव के ही मायाराम द्वारा काटे गए हैं।
थाना प्रभारी हरभजन सिंह के अनुसार बीडीपीओ की शिकायत पर मायाराम के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है।