अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। पुलिस में सिपाही के पद पर भर्ती कराने का झांसा देकर दो लाख रुपये ऐंठने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित गुरप्रीत निवासी पटियाला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह प्राइवेट नौकरी करता है। पिता नहरी विभाग में बेलदार की नौकरी करते है। उनके संग स्वर्ण जीत सिंह निवासी ईस्माइलपुर भी बतौर बेलदार नौकरी करता है। गुरप्रीत का कहना है कि उसने हरियाणा पुलिस में सिपाही की भर्ती के फार्म 2016 में भरे थे जो इसी दौरान स्वर्णजीत सिंह व मेरे पिता को सतबीर सिंह निवासी भुन्ना जिला कैथल गांव ईस्माइलपुर में मिला। वह पहले से ही स्वर्णजीत के पास आता जाता था। उसने मेरे पिता व स्वर्णजीत से कहा कि मेरी सरकार में कई मंत्रियों से जान पहचान है। मैं पुलिस में भर्ती करवा सकता हूं। इस पर मेरे पिता ने कहा कि मेरे लड़के गुरप्रीत ने हरियाणा पुलिस में फिजिकल पास कर लिया है। यह सुन सतबीर सिंह ने कहा कि मैं तुम्हारे लड़के को हरियाणा पुलिस में भर्ती करवा दूंगा। जिसके बदले सतबीर ने 6 लाख रुपये की मांग की। बात तय होने पर जुलाई 2016 में उसे एक लाख रुपये दे दिए और फिर अगस्त महीने में गावं ईस्माइलपुर में स्वर्णजीत के घर एक लाख रुपये और दिये। बाकी के चार लाख रुपये भर्ती होने के बाद देने की बात हुई।
पंचायती फैसले से भी मुकरा आरोपी
पीड़ित का कहना है कि उसका नाम भर्ती लिस्ट में नहीं आया। इसके बाद उसने सतबीर सिहं से अपने दो लाख रुपये वापिस मांगे। पैसा मांगने पर वह आनाकानी करता रहा। इस पर उसने नग्गल थाना में एक शिकायत सतबीर सिंह के खिलाफ दी। शिकायत के बाद इन लोगों का आपस में पंचायती फैसला हो गया। तय हुआ कि वह रकम को चुकता कर देगा। पीड़ित गुरप्रीत का कहना है कि तय होने के बाद वह मुकर गया और उसने रकम वापस नहीं की।
पीड़ित की शिकायत पर आरोपी सतबीर के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
- जगदीश चंद्र, थाना प्रभारी नग्गल।