अंबाला सिटी। कोरोना के बढ़ते फैलाव को देखते हुए प्रशासन की ओर से शहर में चार माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। यहां से न तो कोई बाहर आ सकता है और न ही अंदर जा सकता है। वहीं शनिवार को प्रशासन की ओर से बनाए गए माइक्रो कंटेनमेंट जोन के हालात आदेशों के बिल्कुल विपरीत दिखाई दिए।
यहां न कोई रोकटोक थी और न ही प्रशासन की ओर से कोई व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा लोगों द्वारा भी कोई सावधान नहीं बरती जा रही थी। हालात यहां तक थे कि लोग बिना किसी रोकटोक के पहले की तरह आवाजाही कर रहे थे। यह आने वाले समय में कोरोना के फैलाव को बढ़ावा देने के लिए काफी है।
यह रहे यहां के हालात
सेक्टर 9 : क्षेत्र को माइक्रो कंटेनमेंट जोन की श्रेणी में रखा गया है। यहां आवाजाही के लिए कई गेट हैं, लेकिन किसी भी गेट पर रोकटोक के लिए न कोई पुलिस का जवान तैनात था और न ही सोसायटी वेलफेयर की ओर से कोई व्यवस्था की गई थी। लोग बिना डर के वहां से आवागमन कर रहे थे।
सेक्टर 10: यहां हालात पहले की तरह ही थे। लोग एक दूसरे से मिलजुल रहे थे। कॉलोनियों के बाहर भी लोग झुंड बनाकर बैठे हुए थे, इनमें बच्चे भी शामिल थे। वहीं गेट पर भी जांच के लिए पुलिस और सोसायटी की ओर से कोई व्यवस्था नहीं की गई थी।
जंडली : जंडली में भी बहुत अधिक आबादी रहती है। इस क्षेत्र में भी तेजी के साथ कोरोना का फैलाव हो रहा है। इसके बाद भी यहां कोई रोकटोक नहीं है। लोग बेपरवाह होकर बाजारों में घूमते दिखाई दे रहे हैं। यह लापरवाही आने वाले समय में कोरोना के फैलाव को बढ़ावा दे सकती है।
हमारी ओर से पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। गत दिवस भी हमने लोगों को समझाया था। अभी भी पूरा दिन हमारी ओर से यही प्रयास किए जा रहे हैं कि लोग कोरोना के नियमों का पालन करें।
- सुरेश, एसएचओ, सेक्टर 9, अंबाला।