फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुधर जाओ, वरना बख्शा नहीं जाएगा

Sat, 21 Nov 2015 12:46 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला/ अंबाला
विज्ञापन
विज्ञापन
स्थानीय नगरपालिका प्रशासन में काम के प्रति लापरवाही और विकास कार्यों में मनमानी करने की लगातार मिल रही शिकायतों से आजिज आए राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आखिरकार शुक्रवार को नपा कार्यालय में छापामार कार्यवाही करते हुए संबंधित कर्मचारियों को जमकर लताड़ लगाई।
विज्ञापन


इस छापामार कार्यवाही के दौरान नपा सचिव सहित कईं अन्य कर्मचारी नहीं मिले। राज्यमंत्री ने एसडीएम व नगरपालिका प्रशासक की जिम्मेदारी संभाल रही रुचि सिंह को मौके पर बुला इस संदर्भ में कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दे दिए हैं।

उल्लेखनीय है कि नगरपालिका क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को लेकर लोगों की शिकायतें लगातार राज्यमंत्री के दरबार में पहुंच रही थी। अधिकतर शिकायतें मकान निर्माण के लिए नक्शे पास कराने, बनी बनाई गलियों को दोबारा से तोड़कर बनाने व स्ट्रीट लाइट से संबंधित थी। मंत्री ने लोगों की इन शिकायतों पर कईं बार नपा प्रशासन को सचेत भी किया लेकिन पुराने ढर्रे पर ही चल रहे अधिकारियों के कान पर जब जूं नहीं रेंगी तो शुक्रवार को मंत्री सीधे नपा कार्यालय में पहुंच गए।
विज्ञापन


उन्होंने आते ही अधिकारियों व कर्मचारियों की हाजिरी के संदर्भ में पूछताछ की। मंत्री को बताया गया कि नपा सचिव अवकाश पर हैं, कनिष्ठ अभियंता नारायणगढ़ की अदालत में कार्यालय के कार्य से गए हुए हैं और एमई मौके पर नहीं मिले। हालांकि बाद में वे मंत्री की मौजूदगी में कार्यालय पहुंच गए और बताया कि वे कोर्ट में पेशी के चलते यमुनानगर गए हुए थे।

शहरवासियों की शिकायत पर राज्यमंत्री ने वार्ड नंबर तीन मोहल्ला पठाना वाला नजदीक गुरुद्वारा सिंहसभा वाली गली का निरीक्षण किया और बनी बनाई अच्छी हालत वाली गली को तोड़ने पर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।

इसके बाद मंत्री ने कईं अन्य विकास कार्यों का जायजा ले अधिकारियों को उचित गुणवत्ता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए। राज्यमंत्री ने नगरपालिका कार्यालय में मिली खामियों और अधिकारियों तथा कर्मचारियों की गैरहाजिरी के संदर्भ में एसडीएम को जांच करने के निर्देश दिए।

एसडीएम अपने साथ हाजिरी व मूवमेंट रजिस्टर के साथ-साथ कईं अन्य फाइलें भी ले गईं। मंत्री ने अधिकारियों व कर्मचारियों को सख्त लहजे में हिदायत दी कि जनहित से जुड़े मामलों में कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। विकास कार्यों में गुणवत्ता पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

ड्यूटी में कोताही, पंचायत सचिव सस्पेंड
उपायुक्त मनदीप सिंह बराड़ ने अंबाला प्रथम विकास खंड के दो पंचायत सचिवों को निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं। निलंबित किए गए ग्राम सचिव गगनदीप सिंह और रिषी पाल हैं तथा निलंबित अवधि के दौरान दोनों ग्राम सचिवों का मुख्यालय शहजादपुर ब्लॉक किया गया है।

जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी रेनू जैन ने बताया कि दोनों ग्राम सचिवों को अपनी ड्यूटी में लापरवाही करने तथा संबंधित गांवों के सरपंचों से रिकवरी के मामले में समय पर कार्रवाई न करने बारे निलंबित किया गया है। उल्लेखनीय है कि रिषी पाल के कार्य क्षेत्र में गांव लौटां की ग्राम पंचायत आती थी जहां सरपंच पर 19 लाख रुपए की रिकवरी का मामला है।

इसी प्रकार गगनदीप सिंह के कार्यक्षेत्र में सकराहों और नडियाली ग्राम पंचायत थी। सकराहों में सरपंच पर 38 लाख रुपये तथा नडियाली के सरपंच पर 17 लाख रुपये की रिकवरी का मामला है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें