संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। नगर परिषद के स्वच्छता अभियान के तहत टीमें धरातल पर उतरकर कार्य करेंगी। टीम के सदस्य वार्ड स्तर पर घरों में कूड़ा डालने के लिए लगाए गए डस्टबिन का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान लोगों को गीले व सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में डालने के लिए प्रेरित करेंगे। इस कार्य के लिए नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी देवेंद्र नरवाल ने संबंधित विभाग को कार्यवाही के निर्देश जारी किए हैं।
अभियान की सफलता के लिए वार्ड स्तर पर चलाए जाने वाले अभियान का हिस्सा स्थानीय पार्षद भी होंगे। इस संबंध में नगर परिषद की अध्यक्ष जल्द ही बैठक करके पार्षदों को निर्देश देंगी ताकि पार्षद भी स्वच्छता अभियान का हिस्सा बनकर अपने-अपने क्षेत्र की अव्यवस्थाओं को दुरुस्त कर सकें और स्थानीय लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक कर सकें।
32 से अधिक स्थानों पर रखे जाएंगे बड़े डस्टबिन
वार्ड स्तर पर नए डस्टबिन देने की योजना भी नगर परिषद द्वारा तैयार की जा रही है। इसके अलावा बाजारों सहित मुख्य चौक-चौराहों के किनारे भी डस्टबिन लगाने की तैयारी की जा रही है ताकि कोई भी व्यक्ति कचरे को सड़क पर न फेंके। इस सुविधा के तहत छावनी के लगभग 32 से अधिक स्थानों पर बड़े डस्टबिन रखने की योजना भी जल्द ही सिरे चढ़ने वाली है।
गोबर से बनाएंगे गमले
नगर परिषद के स्वच्छता अभियान की समन्वयक रितु शर्मा ने बताया कि ग्वालमंडी में सड़कों पर गिरे गोबर से पहले लकड़ी बनाई गई थी जो कि रामबाग में दी गई। अब इस गोबर से गमलों को बनाने का काम किया जाएगा। मौसम में सुधार होते ही रोटरी अस्पताल के पास बने एमआरएफ प्लांट पर यह कार्य किया जाएगा। इसकी जानकारी पहले ही कार्यकारी अधिकारी के साथ साझा की गई है। इसके अलावा भी गंदगी के निस्तारण के लिए कई योजनाएं तैयार की गई हैं जो कि जल्द ही धरातल पर उतारी जाएंगी।