अंबाला सिटी। सेक्टर-9 में सोमवार रात बुलेट ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर पिता के पीछे बैठे अभिजोत (16) की मौत हो गई। अभिजोत अपने पिता के साथ घरेलू काम से जा रहा था। हादसे में सिर के बल सड़क पर गिरने से छात्र को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी बुलेट चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली।
पुलिस को दिए बयान में सेक्टर-10 निवासी गुरविंद्र सिंह ने बताया कि वह खेती-बाड़ी करते हैं। बेटा अभिजोत सिंह मुरलीधर डीएवी में 12वीं कक्षा का छात्र था।
पत्नी गुरप्रीत कौर से पिछले 10 साल से मनमुटाव चल रहा है, जिसके चलते पत्नी व बेटी किरणजोत सिंह बरनाला गांव में रहती हैं। बेटा उनके साथ ही रहता है।
सोमवार की रात करीब 9:15 बजे बेटे अभिजोत को अपनी बाइक के पीछे बैठाकर किसी निजी काम से सेक्टर-9 की मार्केट जा रहे थे। रात करीब 9:25 बजे जब पिता-पुत्र अपनी बाइक से उधम सिंह चौक से थोड़ा आगे सेक्टर-9 मार्केट की तरफ बढ़ रहे थे, तभी पीछे से एक अज्ञात चालक ने अपनी बुलेट से टक्कर मार दी थी। चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने धारा 281 व किसी की मौत का कारण बनने की धारा 106 के तहत कार्रवाई की गई। वहीं आगे की जांच जारी है।