बोरवेल के अंदर बच्चे तक ऑक्सीजन पहुंचाने की व्यवस्था तुरंत कर दी गई है। इसके साथ ही डॉक्टरों की एक विशेष टीम एम्बुलेंस के साथ मौके पर तैनात है। बोरवेल के अंदर कैमरा डालकर बच्चे की स्थिति और उसकी हरकतों पर लगातार नजर रखी जा रही है
अंबाला के पास स्थित गांव धन्यौड़ा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां मंगलवार सुबह एक 4 वर्षीय मासूम बच्चा खेलते-खेलते 220 फुट गहरे खुले पड़े बोरवेल में गिर गया। इस हादसे के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।
विज्ञापन
सुबह सैर के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, 4 वर्षीय मासूम निर्भय सुबह करीब साढ़े छह बजे अपने पिता, चाचा और चचेरे भाई के साथ खेत पर घूमने गया था। वह अपने चाचा हरनेक सिंह के खेत में खेल रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह खेत में ही खुले पड़े ट्यूबवेल के गहरे बोरवेल में जा गिरा।
विज्ञापन
परिजनों में मची चीख-पुकार
हादसे के वक्त परिजन वहीं पास में ही मौजूद थे। बच्चे के बोरवेल में गिरते ही वहां चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत गांव के सरपंच को इस बात की जानकारी दी, जिसके बाद तुरंत जिला प्रशासन को सूचित किया गया।
सेना ने संभाला मोर्चा, युद्धस्तर पर बचाव कार्य जारी
बोरवेल हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला और राहत-बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गया। मामले की गंभीरता और बोरवेल की भारी गहराई को देखते हुए उपायुक्त ने खुद रेस्क्यू मिशन की कमान संभाली और तुरंत भारतीय सेना को बुला लिया गया।
मौके पर किए गए मुख्य इंतजाम
बोरवेल के अंदर बच्चे तक ऑक्सीजन पहुंचाने की व्यवस्था तुरंत कर दी गई है। इसके साथ ही डॉक्टरों की एक विशेष टीम एम्बुलेंस के साथ मौके पर तैनात है। बोरवेल के अंदर कैमरा डालकर बच्चे की स्थिति और उसकी हरकतों पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल सेना और स्थानीय प्रशासन मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर जारी है।